Washington: अमेरिकी मध्यावधि चुनाव 2026 में रिपब्लिकन पार्टी को जोर का झटका लगा है. कई अहम सीटों पर वो हार गई है. नतीजे सामने आने के बाद पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि ये जनता लोगों को बांटने की कोशिश करने वाली सियासत को नकार रही है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ओबामा ने कहा कि अमेरिकी जनता ने एक स्पष्ट संदेश दे दिया है. वो ये कि वो ऐसी राजनीति चाहते हैं जो लोगों को बांटने के बजाय उन्हें एकजुट करे. ऐसे नेता चाहते हैं जो उनके सामने आने वाली चुनौतियों का ठोस समाधान प्रस्तुत कर सके.
आगे बढ़ने की सोच को माना
उन्होंने जीत का कारण साझा मूल्यों और एकजुटता से आगे बढ़ने की सोच को माना. आगे लिखा कि ये नतीजे इसलिए संभव हो पाए क्योंकि देश के हर हिस्से से बेहतरीन उम्मीदवार आगे आए. यहां तक कि उन इलाकों से भी, जहां जीत की उम्मीद बहुत कम मानी जाती थी. वे अलग-अलग पृष्ठभूमि से आए थे और उनके राजनीतिक विचार भी अलग-अलग थे, लेकिन वे कुछ साझा मूल्यों, जनसेवा में विश्वास और अपने जिलों व राज्यों के लोगों को सबसे ऊपर रखने की प्रतिबद्धता से एकजुट थे.
कार्यकर्ताओं और वॉलंटियर्स का भी आभार
ओबामा ने मध्यावधि चुनाव प्रचार में जुटे रहे कार्यकर्ताओं और वॉलंटियर्स का भी आभार जताया. उन्होंने कहा कि हम उन हजारों चुनाव कार्यकर्ताओं और दोनों पार्टियों के स्वयंसेवकों के भी आभारी हैं, जिन्होंने चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने में मदद की और हमारे लोकतंत्र के सबसे महत्वपूर्ण कार्यों में से एक को बखूबी निभाया. पूर्व राष्ट्रपति ने अपने बयान में लोगों को भविष्य के लिए तैयार रहने की बात कही. उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रशासन का कार्यकाल अभी दो साल और है. ऐसे में हमारा काम और अहम हो जाता है.
आस्तीनें चढ़ाकर काम करना होगा
अब पार्टी और सहयोगियों को अपनी आस्तीनें चढ़ाकर काम करना होगा. जहां भी हमारे पास बदलाव लाने का अधिकार है, वहां बदलाव लाना होगा ताकि आगे और नुकसान न होने दें और भविष्य के लिए तैयार हों.
इसे भी पढ़ें. भोजपुर में वारदातः मां-बेटे का कत्ल, कमरे में सोते समय रेता गला, बड़ा बेटा-बहू हिरासत में

