West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए बुधवार यानी आज मतदान जारी है. चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में दोपहर 1 बजे तक 61.11 प्रतिशत मतदान हुआ है. चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 11 बजे तक हुगली जिले में 43 फीसदी, हावड़ा में 39 फीसदी, कोलकाता उत्तर में 38 फीसदी और कोलकाता दक्षिण में 36 फीसदी मतदान हुआ है.
प्रचंड बहुमत के साथ बनाएगी सरकार
इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी पश्चिम बंगाल में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण में 142 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान जारी है, जिसमें कोलकाता, हावड़ा और उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना सहित प्रमुख जिले शामिल हैं. इस चुनाव को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की लगातार चौथी बार दावेदारी और राज्य में अपनी पहली सरकार बनाने के भाजपा के प्रयास के लिए निर्णायक माना जा रहा है.
93 प्रतिशत मत से अधिक मतदान
23 अप्रैल को पहले चरण में 93 प्रतिशत मत से अधिक मतदान हुआ. राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन ने मिर्जापुर में पत्रकारों से कहा कि भाजपा बंगाल में सरकार बनाएगी. हम प्रचंड बहुमत से चुनाव जीत रहे हैं. इससे पहले भाजपा अध्यक्ष ने विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की. अनुष्ठान उनके पुरोहित आचार्य अगस्त्य कुमार द्विवेदी ने कराए. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जिले के पहले दौरे पर आए नितिन नवीन का पार्टी कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर स्वागत किया.
पारंपरिक अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित
मंदिर में उनका स्वागत विधायक रत्नाकर मिश्रा और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने किया. जिन्होंने उन्हें पारंपरिक अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित किया. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच करीब 10 मिनट तक पूजा-अर्चना करने के बाद नवीन ने एक होटल में स्थानीय विधायक रत्नाकर मिश्रा, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य और मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल के साथ बैठक की.
संगठन को मजबूत करने पर जोर
पटेल ने कहा कि नवीन ने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया और जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लोगों की सेवा पर ध्यान केंद्रित करने को कहा. अधिकारियों ने बताया कि दौरे के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई और क्षेत्राधिकारी स्तर के कई अधिकारी तैनात किए गए थे.
इसे भी पढ़ें. West Bengal Election 2026: बंगाल में वोटिंग जारी, 1 बजे तक 61% से अधिक मतदान, ISF प्रमुख और TMC समर्थकों में झड़प

