Sara Ali Khan: बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान एक बार फिर केदारनाथ मंदिर में दर्शन को लेकर चर्चा में हैं. अभिनेत्री का इस धार्मिक स्थल से खास जुड़ाव रहा है और वह अक्सर बाबा केदार के दर्शन करने पहुंचती हैं. हालांकि, इस बार उनकी मंदिर यात्रा पर विवाद खड़ा हो गया है. उत्तर प्रदेश के मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सारा के हिंदू धार्मिक स्थल पर पूजा करने को लेकर फतवा जारी किया है. इस विवाद के बीच अभिनेत्री का साल 2023 का एक पुराना बयान भी सुर्खियों में आ गया है, जिसमें उन्होंने धार्मिक स्थलों पर जाने और ट्रोलिंग को लेकर अपनी बात बेबाकी से रखी थी.
केदारनाथ में पूजा करने पर मौलाना ने जताई आपत्ति
दरअसल, रविवार 25 अक्टूबर को सारा अली खान केदारनाथ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थीं. इस दौरान उन्हें मंदिर में दर्शन के लिए कतार में खड़े देखा गया. पूजा-अर्चना के बाद अभिनेत्री मंदिर के बाहर हाथ जोड़कर प्रार्थना करती भी नजर आईं. उनकी इस यात्रा के बाद मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने एक वीडियो जारी कर इस पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि इस्लामिक शरिया के मुताबिक किसी दूसरे धर्म की पूजा-पद्धति अपनाना जायज नहीं है और इसे हराम माना जाता है. मौलाना ने अभिनेत्री से अपने इस कदम के लिए अल्लाह से माफी मांगने और पश्चाताप करने की अपील भी की.
अपने वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि कई युवाओं ने उनसे सवाल किया था कि क्या सारा अली खान का केदारनाथ में पूजा करना इस्लाम के नियमों के अनुसार सही है. इस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की धार्मिक गतिविधियों की इस्लाम में अनुमति नहीं है.
#WATCH | Bareilly, Uttar Pradesh: All India Muslim Jamaat National President Maulana Shahabuddin Razvi Barelvi says, “I have received information, and many young Muslims have also asked me regarding actress Sara Ali Khan visiting the Kedarnath Temple and offering prayers. Is this permissible in light of Sharia, and does Sharia allow for such actions? Regarding this, I would like to clarify the perspective of Islamic Sharia and what its ruling is on this matter. For any Muslim, whether a man or a woman, to participate in the faith of another religion, offering prayers and performing religious rituals, is considered impermissible (najayaz) under Sharia. Such actions are not permitted… Therefore, if Sara Ali Khan performed these acts—visiting the Kedarnath Temple, offering prayers, and seeking blessings—of her own free will and volition, then she has committed a sin—an act that is haram…”
— ANI (@ANI) October 30, 2026
Sara Ali Khan ने पहले ही साफ कर दिया था अपना रुख
ऐसा पहली बार नहीं है जब सारा अली खान को मंदिर जाने की वजह से आलोचनाओं का सामना करना पड़ा हो. इससे पहले भी उनके केदारनाथ दर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए गए थे. हालांकि, अभिनेत्री ने इन टिप्पणियों को अपनी निजी आस्था के बीच आने नहीं दिया. साल 2023 में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सारा ने धार्मिक स्थलों पर जाने को लेकर अपना नजरिया साझा किया था. उन्होंने कहा था कि वह अपने काम को बेहद गंभीरता से लेती हैं और अगर दर्शकों को उनकी फिल्म या अभिनय पसंद नहीं आता तो उन्हें बुरा लगता है. लेकिन उनकी निजी धार्मिक मान्यताएं उनका व्यक्तिगत मामला हैं.
सारा ने साफ शब्दों में कहा था, “मैं उसी श्रद्धा के साथ अजमेर शरीफ जाऊंगी, जिस श्रद्धा के साथ बंगला साहिब या महाकाल जाऊंगी. मैं वहां जाना जारी रखूंगी. लोग जो चाहें कह सकते हैं, मुझे कोई दिक्कत नहीं है.” अभिनेत्री ने आगे कहा था कि वह जगहों से मिलने वाली सकारात्मक ऊर्जा में विश्वास करती हैं. उनके लिए किसी धार्मिक स्थल पर जाने का अनुभव और वहां महसूस होने वाली ऊर्जा मायने रखती है. उनका यह पुराना बयान अब मौजूदा विवाद के बीच फिर से चर्चा में है.
फिल्मों को लेकर भी चर्चा में हैं सारा अली खान
सारा अली खान के फिल्मी करियर की बात करें तो वह हाल ही में आयुष्मान खुराना के साथ फिल्म ‘उड़ता तीर’ में नजर आई हैं. फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक प्रतिक्रिया मिल रही है. रिलीज के शुरुआती सात दिनों में फिल्म ने 30 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई में कितना इजाफा होता है.
ये भी पढ़ें- ‘UP में क्राइम खत्म, अपराधी बेच रहे केले’, CM योगी के सामने कॉमेडियन हर्ष गुजराल का तंज