Tiger Shroff Firing Case: मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. इस हमले में अभिनेता के घायल होने की खबर सामने आई, हालांकि उन्हें सुरक्षित बताया गया है. घटना के दौरान उनके ड्राइवर फिरदौस समेत दो अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी भी मिली है.
फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली. सामने आई तस्वीरों में दोनों एक साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं. तस्वीरों में टाइगर की छाती पर पट्टी बंधी नजर आ रही है, जबकि उनके बाएं हाथ पर भी पट्टी दिखाई दे रही है.
एकनाथ शिंदे ने घटना को बताया गंभीर
एकनाथ शिंदे (Tiger Shroff Firing Case) ने फायरिंग की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि सामने आए वीडियो में कई राउंड गोलियां चलने की बात दिखाई देती है और इस दौरान अभिनेता का ड्राइवर घायल हो गया. शिंदे ने राहत जताई कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं. उपमुख्यमंत्री के मुताबिक, उन्होंने अभिनेता और उनके परिवार से बातचीत की है. उन्होंने यह भी बताया कि टाइगर की मां इस घटना से काफी चिंतित हैं. परिवार के मन में यह सवाल है कि अभिनेता को निशाना क्यों बनाया गया, जबकि उनकी किसी से दुश्मनी होने की जानकारी नहीं है. शिंदे ने बताया कि अभिनेता के ड्राइवर के दाहिने हाथ में चोट आई है.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दावे पर क्या बोले शिंदे? Tiger Shroff Firing Case
फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से लिए जाने का दावा सामने आने के बाद एकनाथ शिंदे ने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल किसी भी गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि मुंबई में गैंगवार को दोबारा पैर जमाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है. शिंदे ने सेलिब्रिटीज से अपील की कि अगर उन्हें धमकी भरे फोन आते हैं या किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें. उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस कमिश्नर से भी बात की गई है और आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं.
सुप्रिया सुले ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने भी इस घटना पर चिंता जाहिर की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में लगातार सामने आ रही गोलीबारी की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं. सुले के मुताबिक, भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस तरह की वारदातों से आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती है. उन्होंने राज्य के गृह मंत्री से कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने की अपील की.
ये भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की खबर सुन आधी रात को मिलने पहुंचीं दिशा पटानी, बिखरे बाल और चेहरे पर दिखी घबराहट
सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी जताई चिंता
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने टाइगर श्रॉफ से जुड़ी घटना पर चिंता व्यक्त की. संगठन ने एक्स पर सवाल उठाया कि अगर मुंबई जैसे बड़े शहर में कोई चर्चित अभिनेता सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिक अपनी सुरक्षा को लेकर कैसे निश्चिंत रह सकते हैं. इस प्रतिक्रिया के जरिए संगठन ने फिल्म जगत से जुड़े लोगों के साथ-साथ आम जनता की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जाहिर की.
जुहू में कार पर चलाई गई थीं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की थी. घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी पुलिस कमिश्नर को मामले की तत्काल जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
घटना में घायल टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस का नानावटी अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं, दूसरे घायल उमेश चव्हाण को बेहतर उपचार के लिए कूपर अस्पताल से केईएम अस्पताल में स्थानांतरित किए जाने की जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है. हमले में शामिल लोगों की पहचान करने और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच एजेंसियां जुटी हुई हैं.

