हरियाणवी रागनी सिंगर पेप्सी शर्मा का निधन, सीने में दर्द के बाद हॉस्पिटल में तोड़ा दम

Must Read

New Delhi: हरियाणवी मनोरंजन जगत को एक बडा झटका लगा है. अपनी दमदार रागिनी और लोक गायन के लिए पहचान बनाने वाले लोकप्रिय फोक आर्टिस्ट पेप्सी शर्मा अब इस दुनिया में नहीं रहे. उनके निधन की खबर सामने आते ही हरियाणवी इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है. पेप्सी शर्मा को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. हालांकि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उनका निधन हो गया.

हालत लगातार गंभीर बनी रही

पेप्सी शर्मा की तबीयत अचानक खराब हुई थी. सीने में दर्द की शिकायत होने के बाद परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही. आखिरकार इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर सामने आते ही उनके प्रशंसकों और कला जगत से जुड़े लोगों में गहरा दुख फैल गया.

दुनिया में खास मुकाम हासिल

पेप्सी शर्मा उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के निवाड़ी क्षेत्र स्थित पतला गांव के रहने वाले थे. साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर हरियाणवी लोक कला की दुनिया में खास मुकाम हासिल किया. रागिनी गायन और मंचीय प्रस्तुतियों के जरिए उन्होंने हजारों लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाई. उनकी आवाज और प्रस्तुति शैली ने उन्हें ग्रामीण और लोक संस्कृति प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया था.

कार्यक्रमों का बेसब्री से इंतजार

पेप्सी शर्मा सिर्फ हरियाणा तक ही सीमित नहीं थे. उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और आस-पास के कई राज्यों में उनके कार्यक्रमों का लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता था. ग्रामीण मेलों, सांस्कृतिक आयोजनों और रागिनी प्रतियोगिताओं में उनकी मौजूदगी ही कार्यक्रम की रौनक बढ़ा देती थी. लोक संगीत से जुड़े दर्शक उनके गीतों और मंच संचालन को बेहद पसंद करते थे.

लोक संस्कृति के मजबूत स्तंभ

वर्षों तक मंचों पर अपनी कला का प्रदर्शन करने वाले पेप्सी शर्मा हरियाणवी लोक संस्कृति के मजबूत स्तंभों में गिने जाते थे. उन्होंने लोक कला और रागिनी परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जहां भी उनका कार्यक्रम होता था, वहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें सुनने पहुंचते थे.

एक चर्चित रागिनी मुकाबला

पेप्सी शर्मा ने हरियाणवी डांसिंग स्टार सपना चौधरी के साथ भी कई मंचीय कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था. दोनों कलाकारों की जोड़ी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रही. साल 2017 में सपना चौधरी और पेप्सी शर्मा के बीच एक चर्चित रागिनी मुकाबला भी हुआ था, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया और यूट्यूब पर काफी वायरल हुई थी. उस प्रस्तुति को लाखों लोगों ने देखा और सराहा था.

इसे भी पढ़ें. इजरायल पर अटैक के बीच भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी, कहा- ‘ईरान में हैं तो निकल जाएं’

Latest News

India Renewable Energy: स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धि, क्षमता 300 GW के पार; 2030 तक 530 GW का अनुमान

India Renewable Energy: भारत वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा बाजार में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है. देश में...

More Articles Like This