Los Angeles: हॉलीवुड और टेलीविजन इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर है. दुनिया के सबसे लोकप्रिय सिटकॉम्स में शामिल ‘फ्रेंड्स’ के निर्देशक जेम्स बरोज का 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. दुनियाभर के कलाकार, प्रशंसक और उनके सहयोगी उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. जेम्स बरोज को टेलीविजन इतिहास के सबसे प्रभावशाली और सफल निर्देशकों में गिना जाता था. उन्होंने अपने लंबे करियर में कई ऐसे शो दिए, जिन्होंने कॉमेडी की दुनिया को नई पहचान दिलाई.
परिवार पहले से ही मनोरंजन जगत से जुड़ा था
1940 में लॉस एंजिलिस में जन्मे जेम्स बरोज का परिवार पहले से ही मनोरंजन जगत से जुड़ा हुआ था. उन्होंने थिएटर से अपने सफर की शुरुआत की और बाद में छोटे पर्दे की दुनिया में ऐसा इतिहास रचा, जिसे भुला पाना आसान नहीं होगा. अपने शानदार करियर में उन्होंने 11 एमी अवॉर्ड और पांच डायरेक्टर्स गिल्ड ऑफ अमेरिका अवॉर्ड अपने नाम किए. जेम्स बरोज ने पांच दशक से भी लंबे करियर में एक हजार से ज्यादा एपिसोड का निर्देशन किया और कई यादगार शो को सफलता के शिखर तक पहुंचाया.
रचनात्मक छाप साफ दिखाई देती है
‘फ्रेंड्स’, ‘चीयर्स’, ‘फ्रेजियर’, ‘विल एंड ग्रेस’ और ‘द बिग बैंग थ्योरी’ जैसे शो में उनकी रचनात्मक छाप साफ दिखाई देती है. उनके परिवार ने बयान जारी कर बताया कि जेम्स सिर्फ एक सफल निर्देशक ही नहीं थे, बल्कि एक ऐसे इंसान थे जिन्होंने अपने साथ काम करने वाले हर व्यक्ति को सम्मान और अपनापन दिया. उनके निधन की खबर सामने आते ही ‘फ्रेंड्स’ के कलाकार भावुक हो उठे.
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाने की कला जानते थे
रॉस गेलर का किरदार निभाने वाले डेविड श्विमर ने जेम्स बरोज को याद करते हुए कहा कि वो ऐसे निर्देशक थे, जो हर कलाकार से उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाने की कला जानते थे. उनके मुताबिक, जेम्स की मौजूदगी सेट पर एक परिवार जैसा माहौल पैदा करती थी और वो हर कलाकार को सुरक्षित और सहज महसूस कराते थे. डेविड ने उन्हें पिता समान बताते हुए कहा कि जेम्स हमेशा प्रेरित करने वाले, धैर्यवान और स्नेह से भरे व्यक्ति रहे.
काम करना किसी स्कूल से कम नहीं
उन्होंने स्वीकार किया कि उनके साथ काम करना किसी स्कूल से कम नहीं था, जहां हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता था. अभिनेता ने कहा कि वह जेम्स को हमेशा याद करेंगे और उनके प्रति जीवनभर आभारी रहेंगे. ‘फ्रेंड्स’ में जोई ट्रिबियानी का किरदार निभाने वाले मैट लेब्लांक ने भी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शब्दों में यह बयां करना मुश्किल है कि जेम्स बरोज ने कलाकारों और इंडस्ट्री पर कितना गहरा प्रभाव छोड़ा है.
इसे भी पढ़ें. Lebanon Attacks: ट्रंप कर रहे सीजफायर का दावा, इजरायल ने लेबनान में किया हमला, पांच लोगों की मौत

