राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता और मशहूर मलयालम अभिनेता सलीम कुमार का निधन, केरल के सीएम सतीशन ने जताया शोक

Must Read

Malayalam Actor Salim Kumar Passes Away: राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता और मशहूर मलयालम अभिनेता सलीम कुमार का निधन हो गया है. उन्होंने 56 वर्ष के उम्र में कोच्चि स्थित एक निजी अस्पताल में शनिवार देररात अंतिम सांस ली. सलीम पिछले कुछ समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे. उनके निधन की खबर से पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है. केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया.

सुबह अस्पताल में भर्ती कराया 

कुछ साल पहले लिवर प्रतिरोपण करवा चुके अभिनेता को शनिवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया. परिवार के अनुसार उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली. मलयालम सिनेमा में एक जाना-पहचाना चेहरा रहे कुमार ने 1990 के दशक के आखिर में फिल्मी जगत में कदम रखने से पहले ‘मिमिक्री’ और हास्य के माध्यम से पहचान हासिल की.

द्वितीय सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार

​​उन्होंने 1997 में फिल्म जगत में पदार्पण किया लेकिन 2000 के दशक में उनके हास्य अभिनय ने उन्हें व्यापक लोकप्रियता दिलाई. उन्होंने ‘अचनुरंगथा वीडू’ में अपने अभिनय के लिए केरल राज्य फिल्म पुरस्कार में द्वितीय सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता और बाद में ‘अदामिंते मकान अबू’ (2010) में उनके प्रशंसित अभिनय के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और केरल राज्य फिल्म पुरस्कार दोनों मिले.

केरल के सीएम सतीशन ने जताया शोक  

केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें सिर्फ एक फिल्मी सितारे से कहीं बढ़कर भाई और परिवार का सदस्य बताया. मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा, सलीम कुमार उत्तर परवूर का गौरव थे. गरीबी और कठिनाइयों का सामना करने वाले एक साधारण परिवार में जन्मे सलीम कुमार ने राष्ट्रीय पुरस्कार जीतकर भारतीय सिनेमा के शिखर को छुआ.

ऑस्कर नामांकन तक का सफर

वह विलक्षण प्रतिभा के धनी थे, जिन्होंने अपने काम के दम पर ऑस्कर नामांकन तक का सफर तय किया. सतीशन ने इस बात का भी जिक्र किया कि कुमार आखिरी बार कुछ दिन पहले परवूर के लोगों द्वारा आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे. अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए मशहूर कुमार ने लगभग तीन दशकों के अपने करियर में हास्य से लेकर गंभीर चरित्र भूमिकाएं निभाईं. उनके परिवार में उनकी पत्नी सुनीता और दो बच्चे हैं.

इसे भी पढ़ें. गुरुग्राम में वारदातः सिरफिरे ने पत्नी और बेटे को मारी गोली, दोनों की मौत

Latest News

India Renewable Energy: स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धि, क्षमता 300 GW के पार; 2030 तक 530 GW का अनुमान

India Renewable Energy: भारत वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा बाजार में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है. देश में...

More Articles Like This