Mumbai: ‘कर्ज’ और ‘अर्थ’ जैसी फिल्मों में अपनी छाप छोड़ने वाले राज किरण अचानक गुमनामी के अंधेरे में खो गए. अब एक्ट्रेस सोमी अली उन्हें तलाशने की कोशिशों में जुटी हैं. सोमी ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास भी राज किरण के बारे में कोई जानकारी हो तो साझा करें. सालों बाद इस खोज ने एक बार फिर फैंस को उम्मीद दी है. राज किरण की कहानी आज भी एक अनसुलझी पहेली बनी हुई है. सोमी ने सोशल मीडिया पर पुरानी यादें साझा करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखी है.
राज किरण संग शूटिंग के दिनों को किया याद
सोमी अली ने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट के जरिए राज किरण संग शूटिंग के दिनों को याद किया और बताया कि उनकी फिल्म ‘अर्थ’ उनके दिल के बेहद करीब है और आज भी वह इस फिल्म को अपनी पसंदीदा फिल्मों में गिनती हैं. सोमी अली ने लिखा, ‘राज किरण जी आप कहां है आपकी फिल्म अर्थ मेरी हमेशा से पसंदीदा रही है. उन दिनों की हंसी, अपनापन और साथ बिताए पल मेरे दिल में एक खजाने की तरह सुरक्षित हैं.’
राज किरण को आखिरी बार अटलांटा में देखा
उन्होंने आखिरी फिल्म अग्निचक्र का जिक्र किया, जिसमें दोनों ने साथ काम किया था. उन्होंने कहा, ‘फिल्म अग्निचक्र की शूटिंग के दौरान बने रिश्ते और यादें आज भी मुझे अंदर से जोड़कर रखती हैं और मेरा मन बार-बार उन पलों में लौट जाना चाहता है’. सोमी अली ने आगे कहा, ‘मुझे जानकारी मिली थी कि राज किरण को आखिरी बार अटलांटा में देखा गया था. इसी उम्मीद में मैं कई बार वहां जा चुकी हैं, ताकि शायद कोई सुराग मिल सके. हालांकि, इतनी कोशिशों के बावजूद मुझे अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है.’
दोबारा जोड़ना बहुत जरूरी
सोमी अली ने कहा, ‘मेरी लोगों से आग्रह है कि अगर किसी को उनके बारे में कुछ भी पता हो तो मुझे जरूर बताए. कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जिन्हें दोबारा जोड़ना बहुत जरूरी होता है. प्यार और उम्मीद के साथ… सोमी अली.’ राज किरण ने ‘कर्ज’, ‘तेरी मेहरबानियां’, ‘घर हो तो ऐसा’ और ‘बुलंदी’ जैसी फिल्मों में काम करके अपनी अलग पहचान बनाई थी. वह खासतौर पर एक रोमांटिक हीरो के रूप में दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुए थे लेकिन धीरे-धीरे वह साइड हीरो के तौर पर टाइपकास्ट होने लगे.
विदेश जाने का किया फैसला
समय के साथ राज करियर में गिरावट आई और निजी जीवन में भी कई परेशानियां सामने आईं. खबरों के अनुसार, वह मानसिक तनाव से जूझने लगे थे और पारिवारिक समस्याओं ने भी उन्हें काफी प्रभावित किया. कहा जाता है कि उन्हें मुंबई के बायकुला मेंटल असाइलम में भी भर्ती कराया गया था. इसके बाद उन्होंने सब कुछ छोड़कर विदेश जाने का फैसला किया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद वह अचानक गायब हो गए और फिर कभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई.
इसे भी पढ़ें. ‘US के वादे तोड़ने की आदत को न भूले हैं और न भूलेंगे’, शांति वार्ता के बीच ईरान का कड़ा रुख

