शादी के 4 साल बाद टूटा कनिका कपूर का रिश्ता, पति गौतम हथिरमानी से अलग हुईं सिंगर; सोशल मीडिया पर किया ऐलान

Divya Rai
Content Writer The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Kanika Kapoor: बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर की शादीशुदा जिंदगी में आखिरकार अलगाव आ गया है. उन्होंने बिजनेसमैन पति गौतम हथिरमानी से रिश्ता खत्म करने का फैसला किया है. साल 2022 में लंदन में शादी के बंधन में बंधे इस कपल ने करीब चार साल बाद अपनी राहें अलग कर ली हैं. कनिका ने सोशल मीडिया के जरिए इस फैसले की जानकारी दी. साथ ही उन्होंने फैंस और लोगों से अपील की है कि इस निजी मामले को लेकर उन्हें और उनके परिवार को परेशान न किया जाए.

सोशल मीडिया पोस्ट में बयां किया अपना फैसला

Kanika Kapoor ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक बयान साझा करते हुए बताया कि काफी विचार-विमर्श के बाद उन्होंने और गौतम ने अलग होने का निर्णय लिया है. सिंगर ने साथ बिताए समय के लिए आभार जताया और गौतम के भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं. उन्होंने कहा कि यह दोनों के लिए मुश्किल दौर है, इसलिए लोगों को उनकी निजता का ख्याल रखना चाहिए और इस समय संवेदनशीलता बरतनी चाहिए.

रिश्ते में किसी तीसरे शख्स की एंट्री से किया इनकार Kanika Kapoor

कनिका और गौतम के रिश्ते में दरार की खबरें काफी समय से सामने आ रही थीं. अब सिंगर ने खुद अलग होने की पुष्टि कर दी है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, एक इंटरव्यू में कनिका ने साफ किया था कि उनके अलगाव की वजह कोई तीसरा व्यक्ति नहीं है. उन्होंने उन अटकलों को भी खारिज किया, जिनमें कहा जा रहा था कि लागोस में नहीं रहना चाहने के कारण उनकी शादी टूटी.

दरअसल, गौतम अपने कारोबार के सिलसिले में नाइजीरिया के लागोस में रहते हैं. इस बारे में कनिका ने कहा था कि उनकी जिंदगी में कोई दूसरा शख्स नहीं है और जहां तक उन्हें जानकारी है, गौतम की जिंदगी में भी कोई और नहीं है.

सिंगर ने इस रिश्ते के टूटने पर अपना दर्द भी जाहिर किया था. उन्होंने कहा कि दूसरी बार तलाक जैसी स्थिति से गुजरना दुख और निराशा लेकर आता है. कनिका ने यह भी सवाल उठाया कि शादी टूटने पर अक्सर सबसे पहले महिला को ही जिम्मेदार क्यों ठहराया जाता है. उनके मुताबिक, किसी रिश्ते के खत्म होने की असली वजह सिर्फ उन दो लोगों को पता होती है, जो उस शादी का हिस्सा रहे हों.

20 मई 2022 को लंदन में हुई थी शादी

कनिका कपूर और गौतम हथिरमानी एक-दूसरे को कई सालों से जानते थे. पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया. इसके बाद 20 मई 2022 को दोनों ने लंदन के एक पांच सितारा होटल में शादी की थी. इस खास मौके पर परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल हुए थे.

गौतम के साथ कनिका की यह दूसरी शादी थी. इससे पहले उन्होंने लंदन के डॉक्टर जसप्रीत सिंह चंदोक से विवाह किया था. हालांकि, साल 2012 में दोनों का तलाक हो गया. पहली शादी से कनिका के तीन बच्चे हैं, जिनके नाम आयाना, समारा और युवराज हैं. तलाक के बाद उन्होंने अकेले ही तीनों बच्चों की परवरिश की.

‘बेबी डॉल’ से मिली थी देशभर में पहचान

कनिका कपूर ने अपने करियर में कई सुपरहिट गाने दिए हैं. साल 2012 में ‘जुगनी जी’ से उन्हें पहचान मिली, लेकिन 2014 में रिलीज हुआ गाना ‘बेबी डॉल’ उनके करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. इसके बाद उन्होंने ‘चिट्टियां कलाइयां’, ‘तुकुर तुकुर’, ‘गेंदा फूल’ और ‘ओ बोलेगा या ओ ओ बोलेगा’ जैसे कई लोकप्रिय गानों को अपनी आवाज दी. आज भी उनके गाने पार्टी और म्यूजिक प्लेलिस्ट का हिस्सा बने हुए हैं.

ये भी पढ़ें- ‘रामायण’ के तीसरे पार्ट को लेकर भी चर्चाएं तेज, नमित मल्होत्रा ने दिए संकेत, फिल्म को लेकर बताया मास्टर प्लान

Latest News

गुवाहाटी होटल बिलास गोलीकांडः मुठभेड़ में पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया ढेर

Guwahati Encounter: असम से बड़ी खबर सामने आई है. यहां गुवाहाटी में होटल बिलास बीते दिनों हुई गोलीबारी के...

More Articles Like This

Exit mobile version