Kangana Ranaut: बॉलीवुड इंडस्ट्री में इन दिनों फिल्म फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न सिने एप्लॉय्ज और एक्टर रणवीर सिंह के बीच चल रहा विवाद सुर्खियों में बना हुआ है. इस विवाद पर इंडस्ट्री के तमाम एक्टर्स अपनी-अपनी बात रख रहे हैं. इसी बीच एक्ट्रेस और भाजपा सासंद कंगना रनौत ने भी इस मामले पर अपनी राय रखी है.
रणवीर सिंह के समर्थन में उतरीं Kangana Ranaut
दरअसल, बीते दिन कंगना रनौत की अपकमिंग फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ का ट्रेलर लॉन्च इवेंट रखा गया था. इस दौरान एक्ट्रेस से रणवीर सिंह और उनके खिलाफ चल रहे बैन को लेकर सवाल किया गया. इस पर कंगना ने जवाब देते हुए कहा, ”मुझसे इस विषय पर सवाल पूछना दिलचस्प है. मुझे भी सभी ने बैन किया था. जब आपकी हैसियत बढ़ती है, तो दुश्मन भी बढ़ते हैं. ऐसा नामुमकिन है कि आपकी हैसियत बढ़े और दुश्मन न बढ़े. ऐसे में रणवीर सिंह को समझना चाहिए कि उनकी क्या हैसियत है, जो उनके इतने दुश्मन हैं.”
सफलता के साथ संघर्ष भी आते हैं
इस दौरान कंगना ने कहा, ”जीवन में हमेशा एक जैसे हालात नहीं रहते. सफलता के साथ संघर्ष भी आते हैं. मेरे साथ भी फिल्म इंडस्ट्री में कई तरह की घटनाएं हुईं, लेकिन मैंने काम करना नहीं छोड़ा. मैं अच्छा कर रही हूं, मेरे करियर की गाड़ी अच्छी चल रही है. ऐसे फैसलों से कुछ फर्क नहीं पड़ता.”
फिल्म ‘डॉन 3’ से जुड़ा है पूरा मामला
ये विवाद फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर खड़ा हुआ है. दरअसल, साल 2023 में फरहान अख्तर ने इस फिल्म की घोषणा की थी. इसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आने वाले थे. हालांकि, बाद में ऐसी खबरें सामने आने लगी कि रणवीर अब ये फिल्म नहीं करना चाहते हैं. जिसके बाद विवाद बढ़ गया और ये मामला अलग-अलग संगठनों तक पहुंच गया.
एक्टर को बैन करने का लिया फैसला
फिल्म निर्माता ने आरोप लगाया कि एक्टर के इस फैसले के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है. जिसके बाद एफडब्ल्यूआईसीई ने एक्टर के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी किया. इसके साथ ही फेडरेशन ने कहा कि जब तक ये मामला सुलझ नहीं जाता, तब तक उससे जुड़े सदस्य रणवीर सिंह के साथ काम नहीं करेंगे.