Budget Travel: सिर्फ 5,000 रुपये में घूमिए ‘भारत का स्कॉटलैंड’, 3 दिन की इस ट्रिप में मिलेगा पहाड़, झरने और कॉफी बागानों का मजा

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Budget Travel: क्या आप भी पहाड़ों के बीच कुछ दिन सुकून के बिताना चाहते हैं, लेकिन हर बार बजट आपकी ट्रिप का रास्ता रोक देता है? अगर हां, तो अब आपको अपनी यात्रा का सपना टालने की जरूरत नहीं है. देश में ऐसी कई खूबसूरत जगहें हैं, जहां कम खर्च में भी शानदार छुट्टियां बिताई जा सकती हैं. इन्हीं में से एक है कर्नाटक का कूर्ग, जिसे अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के कारण ‘भारत का स्कॉटलैंड’ कहा जाता है. धुंध से ढकी पहाड़ियां, दूर-दूर तक फैले कॉफी बागान, मनमोहक झरने और शांत वातावरण कूर्ग को प्रकृति प्रेमियों के लिए खास बनाते हैं. अच्छी बात यह है कि थोड़ी सी प्लानिंग के साथ आप यहां सिर्फ 5,000 रुपये के बजट में 3 दिन की यादगार ट्रिप का आनंद ले सकते हैं.

कूर्ग कैसे पहुंचें?

कूर्ग पहुंचने के लिए सबसे किफायती विकल्प बेंगलुरु या मैसूर तक ट्रेन अथवा बस से पहुंचना है. इसके बाद वहां से कूर्ग के लिए नियमित बस सेवाएं उपलब्ध हैं.

मैसूर से कूर्ग

मैसूर से कूर्ग के लिए सरकारी और निजी बसें आसानी से मिल जाती हैं. बस का किराया आमतौर पर 150 से 250 रुपये के बीच होता है और सफर करीब 3 से 4 घंटे में पूरा हो जाता है.

बेंगलुरु से कूर्ग

यदि आप बेंगलुरु से यात्रा कर रहे हैं, तो यहां से भी कूर्ग के लिए सीधी बसें उपलब्ध हैं. किराया लगभग 300 से 500 रुपये तक पड़ता है.

पहले दिन क्या करें?

कूर्ग पहुंचने के बाद किसी बजट होमस्टे या हॉस्टल में चेक-इन करें. यहां 500 से 800 रुपये प्रति रात में ठहरने की व्यवस्था आसानी से मिल सकती है. आराम करने के बाद अपनी यात्रा की शुरुआत अब्बी फॉल्स से करें. कॉफी के बागानों के बीच बहता यह खूबसूरत झरना पर्यटकों को काफी आकर्षित करता है.

शाम के समय राजा सीट पहुंचें. यहां से सूर्यास्त का नजारा बेहद शानदार दिखाई देता है. रात में मडिकेरी के स्थानीय बाजार में घूमते हुए स्ट्रीट फूड और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकता है.

दूसरे दिन घूमिए कूर्ग की खास जगहें

सुबह जल्दी उठकर दुबारे एलीफेंट कैंप की ओर जाएं. यहां पर्यटक हाथियों को करीब से देख सकते हैं और उनके साथ समय बिता सकते हैं. इसके बाद कुशलनगर स्थित प्रसिद्ध स्वर्ण मंदिर का रुख करें. यह जगह तिब्बती संस्कृति और आध्यात्मिक शांति का अनूठा अनुभव देती है.

शाम को लौटते समय कूर्ग के प्रसिद्ध कॉफी बागानों में घूमना न भूलें. यहां ताजा कॉफी की खुशबू और प्राकृतिक वातावरण आपकी यात्रा को और यादगार बना देगा.

तीसरे दिन बादलों के बीच बिताएं वक्त

तीसरे दिन अपनी यात्रा की शुरुआत मंडलपट्टी व्यू पॉइंट से करें. यहां पहुंचने के लिए शेयरिंग जीप की सुविधा उपलब्ध रहती है. ऊंचाई से दिखाई देने वाले बादलों और पहाड़ों के नजारे पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देते हैं. इसके बाद आप तलाकावेरी जा सकते हैं, जिसे कावेरी नदी का उद्गम स्थल माना जाता है. यहां का धार्मिक और प्राकृतिक महत्व दोनों ही पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. शाम तक अपनी यात्रा की खूबसूरत यादों और तस्वीरों के साथ वापसी की तैयारी करें.

5,000 रुपये में कैसे पूरी होगी ट्रिप?

यदि आप सोच रहे हैं कि इतनी कम लागत में यह यात्रा कैसे संभव है, तो इसका पूरा हिसाब कुछ इस तरह है:

  • सफर का खर्च: बेंगलुरु या मैसूर से आने-जाने का बस किराया लगभग 800 से 1,000 रुपये
  • ठहरने का खर्च: दो रातों के लिए बजट होमस्टे या हॉस्टल लगभग 1,000 से 1,500 रुपये
  • खाने-पीने का खर्च: तीन दिनों तक स्थानीय भोजन और स्ट्रीट फूड लगभग 1,200 से 1,500 रुपये
  • स्थानीय यात्रा और एंट्री फीस: बस, शेयरिंग ऑटो, जीप और दर्शनीय स्थलों की टिकट लगभग 800 से 1,000 रुपये

इस तरह आपकी पूरी यात्रा का खर्च लगभग 4,500 से 5,000 रुपये के बीच रह सकता है.

क्यों खास है कूर्ग?

कूर्ग उन यात्रियों के लिए बेहतरीन विकल्प है जो कम बजट में प्राकृतिक सुंदरता, एडवेंचर, शांति और स्थानीय संस्कृति का अनुभव करना चाहते हैं. कॉफी बागानों से लेकर झरनों और पहाड़ियों तक, यहां हर मोड़ पर आपको प्रकृति का नया रूप देखने को मिलता है. यही वजह है कि कूर्ग को देश के सबसे लोकप्रिय हिल स्टेशनों में गिना जाता है.

यह भी पढ़े: ब्रिटेन में अधेड़ पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर, आरोप में 17 साल का किशोर गिरफ्तार

Latest News

सिंधु जल संधि पर पाकिस्तान ने फिर दी भारत को धमकी, बिलावल भुट्टो बोले- ‘हम जवाब देने को तैयार हैं’

New Delhi: सिंधु जल संधि को लेकर पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के खिलाफ भड़काऊ बयानबाजी की है....

More Articles Like This

Exit mobile version