Dark Circles: आंखें हमारे चेहरे का सबसे खूबसूरत हिस्सा होती हैं. लेकिन, यदि आंखों के नीचे डार्क सर्कल्स हो जाएं, तो ये खूबसूरती थोड़ी फीकी पड़ने लगती है. ऐसे में इन डार्क सर्कल्स को कम करने के लिए लोग तमाम तरह के नुस्खे आजमाते हैं. जैसे- खीरा लगाना, बर्फ से मसाज करना, कॉफी का पेस्ट बनाकर लगाना आदि. वहीं, बहुत से लोगो को लगता हैं कि अधिक सोने से भी डार्क सर्कल्स ठीक हो जाएंगे. लेकिन क्या ये नुस्खे और तरीके वाकई कारगर साबित होते हैं? आइए जानते हैं विस्तार से…
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
इसे लेकर मशहूर डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताया कि डार्क सर्कल की वजह सिर्फ कम नींद नहीं होती. इसके पीछे कई अलग-अलग कारण हो सकते हैं. इसलिए सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि आपके डार्क सर्कल किस वजह से हैं.
उन्होने कहा कि अच्छी और समय पर नींद लेना बॉडी और स्किन, दोनों के लिए बहुत जरूरी है. अच्छी नींद लेने से चेहरा फ्रेश दिखता है और थकान कम नजर आती है. लेकिन यदि आपके डार्क सर्कल जेनेटिक हैं, आंखों के नीचे गड्ढे हैं या त्वचा की पिगमेंटेशन बढ़ गई है, तो केवल अधिक सोने से यह पूरी तरह खत्म नहीं होंगे. अर्थात अच्छी नींद जरूरी तो है, लेकिन इससे डार्क सर्कल पूरी तरह ठीक नहीं होते हैं.
धूप और आंखें मलने की आदत भी बढ़ा सकती है परेशानी
वहीं, यदि आप ज्यादा देर धूप में रहते हैं, तो आंखों के आसपास की त्वचा में पिगमेंटेशन बढ़ सकती है. इससे डार्क सर्कल पहले से ज्यादा गहरे दिखने लगते हैं. इसलिए चेहरे के साथ-साथ आंखों के आसपास भी सनस्क्रीन लगाना जरूरी है. इसके अलावा अगर आपको बार-बार आंखें मलने की आदत है, तो ऐसा करने से त्वचा पर रगड़ पड़ती है और काले घेरे ज्यादा नजर आने लगते हैं.
कैसे कम होंगे डार्क सर्कल?
डर्मेटोलॉजिस्ट के मुताबिक, यदि डार्क सर्कल पिगमेंटेशन की वजह से हैं, तो विटामिन-सी वाली आई क्रीम धीरे-धीरे इन्हें लाइट करने में मदद कर सकती है.
इसके अलावा, रेटिनॉल वाली आई क्रीम आंखों के आसपास की त्वचा को बेहतर बनाने और फाइन लाइंस को कम करने में मदद कर सकती है.
वहीं, अगर डार्क सर्कल की परेशानी बहुत ज्यादा है, तो अंडर-आई फिलर, केमिकल पील और लेजर जैसे ट्रीटमेंट भी अच्छे नतीजे दे सकते हैं.
इस बात का रखें ध्यान
डर्मेटोलॉजिस्ट के अनुसार, अलग-अलग लोगों में डार्क सर्कल्स होने के अलग-अलग कारण हो सकते हैं. ऐसे में इन्हें ठीक करने के लिए कोई एक तरीका असरदार नहीं होता है. इसलिए यदि डार्क सर्कल लंबे समय से बने हुए हैं, तो सिर्फ घरेलू नुस्खों पर भरोसा करने की बजाय उनकी असली वजह जानना ज्यादा जरूरी है. सही स्किन केयर, अच्छी नींद, धूप से बचाव और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से ही इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है.

