IRCTC Tour Package: रामलला से जगन्नाथ पुरी तक एक ही यात्रा में होंगे दर्शन, 11 दिन के इस पैकेज में खाना-रहना सब शामिल

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

IRCTC Bharat Gaurav Tour Package: अगर आप लंबे समय से किसी धार्मिक यात्रा की योजना बना रहे हैं और एक ही सफर में देश के कई प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) श्रद्धालुओं के लिए एक खास धार्मिक टूर पैकेज लेकर आया है. ‘भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन’ के जरिए यात्रियों को अयोध्या, वाराणसी, गया, गंगासागर और जगन्नाथ पुरी जैसे देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे.

इस पैकेज की खास बात यह है कि यात्रियों को ट्रेन यात्रा, होटल, स्थानीय परिवहन और भोजन जैसी लगभग सभी सुविधाएं एक ही पैकेज में उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे पूरी यात्रा सुविधाजनक और परेशानी मुक्त बन सके. IRCTC ने इस विशेष धार्मिक यात्रा का नाम “पुरी गंगासागर विद गया, वाराणसी एंड रामलला दर्शन” रखा है. यह यात्रा मध्य प्रदेश के इंदौर से शुरू होगी और कुल 11 दिन 10 रात तक चलेगी. इस दौरान श्रद्धालुओं को कई प्रसिद्ध मंदिरों और धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिलेगा.

11 दिन में इन प्रमुख धार्मिक स्थलों के होंगे दर्शन

यह धार्मिक टूर पैकेज कुल 11 दिन और 10 रात का है. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को देश के कई प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जाएगी. सबसे पहले अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन कराए जाएंगे. इसके बाद वाराणसी में काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिलेगा.

यात्रा में बिहार के गया स्थित प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर भी शामिल है. इसके अलावा श्रद्धालु कोलकाता में प्रसिद्ध काली माता मंदिर और गंगासागर के दर्शन करेंगे. यात्रा का अंतिम प्रमुख पड़ाव ओडिशा का जगन्नाथ पुरी मंदिर होगा, जहां भगवान जगन्नाथ के दर्शन कराए जाएंगे.

कब रवाना होगी भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन?

IRCTC के अनुसार यह विशेष भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन 15 सितंबर 2026 को इंदौर से रवाना होगी. यात्रा पूरी होने के बाद ट्रेन वापस उन्हीं स्टेशनों से लौटेगी, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी.

इन स्टेशनों से कर सकेंगे बोर्डिंग

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए IRCTC ने कई बोर्डिंग पॉइंट निर्धारित किए हैं. श्रद्धालु इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर और कटनी रेलवे स्टेशनों से इस ट्रेन में सवार हो सकते हैं. वापसी के दौरान भी ट्रेन इन्हीं स्टेशनों पर रुकेगी.

खाने, रहने और घूमने की पूरी व्यवस्था

इस टूर पैकेज में यात्रियों को अलग से होटल या भोजन की व्यवस्था करने की जरूरत नहीं होगी. पैकेज में ट्रेन यात्रा, स्थानीय दर्शनीय स्थलों के भ्रमण के लिए बस, होटल में ठहरने की सुविधा और भोजन शामिल है. यात्रियों को प्रतिदिन सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना उपलब्ध कराया जाएगा. इससे पूरी यात्रा अधिक आरामदायक और सुविधाजनक रहेगी.

कितना देना होगा किराया?

IRCTC ने यात्रियों के बजट को ध्यान में रखते हुए तीन अलग-अलग श्रेणियों में पैकेज उपलब्ध कराया है.

  • इकोनॉमी (Sleeper Class – SL) का किराया ₹19,600 प्रति व्यक्ति रखा गया है.
  • स्टैंडर्ड (Third AC – 3AC) श्रेणी के लिए ₹31,850 प्रति व्यक्ति खर्च करना होगा.
  • वहीं कम्फर्ट (Second AC – 2AC) श्रेणी का किराया ₹41,900 प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है.

किराए में पहले से शामिल है 33% की छूट

IRCTC ने बताया है कि ‘भारत गौरव ट्रेन’ योजना के तहत धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे लगभग 33 प्रतिशत की छूट दे रहा है. यात्रियों के लिए घोषित पैकेज की सभी कीमतों में यह छूट पहले से शामिल है. यानी टिकट बुक करते समय अलग से किसी अतिरिक्त छूट का दावा करने की आवश्यकता नहीं होगी.

कैसे करें बुकिंग?

जो यात्री इस धार्मिक यात्रा का हिस्सा बनना चाहते हैं, वे IRCTC Tourism की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं. ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से यात्री अपनी पसंद की श्रेणी चुनकर सीट आरक्षित कर सकते हैं और इस 11 दिवसीय धार्मिक यात्रा का लाभ उठा सकते हैं.

यह भी पढ़े: सहारनपुर में CM योगी बोले- शिक्षा केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण की आधारशिला

Latest News

अमेरिका के लग्जरी क्रूज पर फैला खतरनाक ‘नोरोवायरस’, चालक दल समेत 125 लोग संक्रमित, हेल्थ एजेंसियां अलर्ट!

Washington: अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से कनाडा और अलास्का की यात्रा पर निकले एक लग्जरी क्रूज जहाज में पेट...

More Articles Like This

Exit mobile version