Skin Care Tips: रातभर मेकअप लगाकर सोना पड़ सकता है भारी, जानें त्वचा को सुरक्षित रखने का सही तरीका

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Skin Care Tips: मेकअप चेहरे की खूबसूरती बढ़ाने का काम करता है, लेकिन अगर उसे सही तरीके से हटाया न जाए तो वही मेकअप आपकी त्वचा के लिए परेशानी की वजह बन सकता है. अक्सर लोग ऑफिस, पार्टी या किसी फंक्शन से लौटने के बाद थकान में बिना मेकअप हटाए ही सो जाते हैं. यह आदत धीरे-धीरे त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती है. त्वचा विशेषज्ञों के अनुसार, हेल्दी और ग्लोइंग स्किन के लिए मेकअप करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उसे सही तरीके से साफ करना भी है. आइए जानते हैं मेकअप हटाने का सही तरीका और इसके बाद अपनाया जाने वाला स्किन केयर रूटीन…

मेकअप हटाना क्यों है जरूरी?

त्वचा विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर मेकअप लंबे समय तक चेहरे पर लगा रहता है या उसे अच्छी तरह साफ नहीं किया जाता, तो धूल, प्रदूषण और पसीने के साथ मिलकर त्वचा के रोमछिद्र बंद हो सकते हैं. इसकी वजह से मुंहासे, रूखापन, जलन, लालिमा और त्वचा की प्राकृतिक चमक कम होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं.

सही क्लीनिंग से करें शुरुआत

मेकअप हटाने की शुरुआत सही तरीके से क्लीनिंग करने से करनी चाहिए. खासतौर पर वाटरप्रूफ मस्कारा, लॉन्ग-लास्टिंग लिपस्टिक और फुल कवरेज फाउंडेशन जैसे प्रोडक्ट केवल फेसवॉश से पूरी तरह साफ नहीं होते. ऐसे मेकअप को हटाने के लिए मेकअप रिमूवर या ऑयल बेस्ड क्लेंजर का इस्तेमाल किया जा सकता है. मेकअप हटाते समय चेहरे को जोर-जोर से रगड़ने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे त्वचा पर खिंचाव और जलन हो सकती है.

आंखों का मेकअप हटाते समय रखें सावधानी

आंखों के आसपास की त्वचा बेहद नाजुक होती है. इसलिए आई मेकअप हटाने के लिए कॉटन पैड पर मेकअप रिमूवर लगाकर उसे कुछ सेकंड तक आंखों पर रखें. इसके बाद हल्के हाथों से साफ करें. इससे मेकअप आसानी से हट जाता है और त्वचा को नुकसान भी नहीं पहुंचता.

डबल क्लींजिंग से मिलेगी बेहतर सफाई

मेकअप हटाने के बाद डबल क्लींजिंग त्वचा को गहराई से साफ करने का बेहतर तरीका माना जाता है. इसमें सबसे पहले ऑयल बेस्ड क्लेंजर से मेकअप और गंदगी हटाई जाती है. इसके बाद पानी आधारित फेस क्लींजर से त्वचा को दोबारा साफ किया जाता है. इससे मेकअप के बचे हुए कण और अतिरिक्त तेल भी पूरी तरह निकल जाते हैं.

टोनर से बनाए रखें त्वचा का संतुलन

क्लींजिंग के बाद टोनर का इस्तेमाल त्वचा को संतुलित रखने में मदद करता है. यह त्वचा की नमी बनाए रखने के साथ उसे आराम भी देता है. हालांकि हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है, इसलिए अपनी स्किन टाइप के अनुसार टोनर का चयन करना चाहिए. हायलूरोनिक एसिड त्वचा को हाइड्रेट रखने में मदद करता है, जबकि एलोवेरा और ग्लिसरीन त्वचा को शांत और मुलायम बनाए रखने में सहायक होते हैं.

मॉइस्चराइजर लगाना बिल्कुल न भूलें

स्किन केयर रूटीन का सबसे जरूरी हिस्सा मॉइस्चराइजर है. कई लोगों को लगता है कि ऑयली स्किन पर इसकी जरूरत नहीं होती, लेकिन ऐसा नहीं है. ऑयली स्किन वाले लोग हल्के जेल बेस्ड मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल कर सकते हैं, जबकि ड्राई स्किन वालों के लिए क्रीम बेस्ड और ज्यादा हाइड्रेटिंग मॉइस्चराइजर बेहतर विकल्प माना जाता है. मॉइस्चराइजर त्वचा की सुरक्षा परत को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है.

यह भी पढ़े: Kidney Health Tips: किडनी को लंबे समय तक रखना है स्वस्थ? आज ही अपनाएं ये आसान आदतें

Latest News

भारत ने चीन को द्विपक्षीय रिश्‍तों पर दी नसीहत, ब्रह्मपुत्र नदी पर बनाए जा रहे डैम की मांगी तकनीकी जानकारी

India-China Relation: भारत और चीन की तरफ से लंबित मुद्दों को सुलझाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है....

More Articles Like This

Exit mobile version