मौसम लेने वाला है बड़ा यू-टर्न: भीषण गर्मी के बीच IMD का अलर्ट, इन राज्यों में होगी बारिश

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

मार्च का महीना अभी आधा भी नहीं बीता है, लेकिन देश के कई हिस्सों में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. कई राज्यों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. हालांकि इस तेज गर्मी के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राहत भरी खबर दी है. मौसम विभाग के मुताबिक जल्द ही एक नया Western Disturbance सक्रिय होने वाला है, जो उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम का मिजाज बदल सकता है.

उत्तर-पश्चिम भारत में लू के बाद बारिश की संभावना

गुजरात, राजस्थान और विदर्भ में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी का दौर जारी है. सौराष्ट्र और कच्छ के कई इलाकों में हीट वेव जैसी स्थिति बन गई है और यह सिलसिला 13 मार्च तक जारी रह सकता है. हालांकि 14 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है. इसके असर से यूपी, बिहार, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा समेत करीब 12 राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस सिस्टम के कारण अगले एक हफ्ते में तापमान 4 से 6 डिग्री तक गिर सकता है.

दिल्ली-NCR और यूपी में कब बदलेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल तापमान 36 डिग्री के आसपास बना हुआ है और दोपहर की धूप लोगों को परेशान कर रही है. मौसम विभाग के अनुसार आज शाम से बादलों की आवाजाही शुरू हो सकती है, जबकि असली बदलाव 14 मार्च के बाद देखने को मिलेगा जब आसमान में घने बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है.

वहीं उत्तर प्रदेश में लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद जैसे शहरों में सुबह हल्की धुंध और दिन में तेज धूप का सिलसिला जारी है. वाराणसी, मेरठ और आगरा में तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच चुका है. हालांकि 15 मार्च से यूपी के कई जिलों में मौसम बदल सकता है. प्रयागराज, कानपुर, बरेली और झांसी समेत कई इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है.

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और ओलावृष्टि का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है. श्रीनगर में पिछले दो दिनों में तापमान में करीब 10 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है. हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में रोहतांग और शिंकुला दर्रे पर बर्फबारी के कारण रास्ते बंद करने पड़े हैं. वहीं शिमला, मंडी, कुल्लू और चंबा में ओलावृष्टि और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.

उत्तराखंड में भी मौसम करवट ले सकता है. उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. अरुणाचल प्रदेश में 12 से 14 मार्च के बीच भारी बारिश की संभावना है, जबकि असम और मेघालय में 13 से 15 मार्च के बीच तेज बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान लगाया गया है.

मध्य भारत और बिहार में फिलहाल गर्मी बरकरार

मध्य प्रदेश के ग्वालियर, छतरपुर और रतलाम जैसे इलाकों में फिलहाल गर्म हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. वहीं बिहार के पटना, भोजपुर और गया में तापमान 35 डिग्री से ऊपर बना हुआ है. हालांकि बिहार से छत्तीसगढ़ तक बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण 14 मार्च के बाद यहां भी मौसम में कुछ नरमी आने की उम्मीद है.

फिलहाल देश के कई हिस्सों में लोगों को दो दिन और गर्मी झेलनी पड़ सकती है. इसके बाद बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आने से राहत मिलने की संभावना है.

यह भी पढ़े: हवाई सफर पर ‘मिडिल ईस्ट तनाव’ की मार: Air India ने बढ़ाया किराया, जानें कितने बढ़े दाम

Latest News

LPG Supply Update: देश में गैस की कमी नहीं, उत्पादन 28% बढ़ाया गया; संसद में बोले हरदीप सिंह पुरी

सरकार ने एलपीजी सप्लाई को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि रिफाइनरियों को निर्देश देने के बाद एलपीजी उत्पादन 28% बढ़ा दिया गया है और देश में गैस की सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित है.

More Articles Like This

Exit mobile version