‘जो डर गया, समझो मर गया’, राघव चड्ढा के हमलों के बाद AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने किया पलटवार

Divya Rai
Divya Rai
Content Writer The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Divya Rai
Divya Rai
Content Writer The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Saurabh Bhardwaj: राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने सदन में डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने पर पहली बार खुलकर बोला और अपनी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए. इसके बाद आम आदमी पार्टी के कई नेता पार्टी के बचाव में उतरे हैं. ‘आप’ पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने पलटवार करते हुए राघव चड्ढा पर पार्टी लाइन से हटकर मुद्दे उठाने और अहम मुद्दों पर चुप्पी साधने के आरोप लगाए.

Saurabh Bhardwaj ने किया पलटवार

सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो शेयर किया. उन्होंने कहा, “राघव भाई, अभी आपका वीडियो देखा. हम सब लोग अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं. हमने सिर्फ एक ही बात सीखी थी कि ‘जो डर गया, समझो मर गया’. हम सबको सरकार की आंख में आंख डालकर लोगों के मुद्दे उठाने थे.” उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों में हमने देखा कि जो भी महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार के खिलाफ सवाल उठाता है, सरकार उसे डिक्टेटर की तरह सोशल मीडिया पर बैन कर रही है. एफआईआर दर्ज कराई जाती है.

सरकार पर साधा निशाना

उन्होंने आगे कहा, “सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि कोई संसद में अपना सॉफ्ट पीआर करे. संसद में एक छोटी सी पार्टी का बोलने का एक सीमित समय होता है. उसमें अगर कोई समोसे की बात उठा रहा है तो उससे जरूरी है कि किसी बड़े मुद्दे को उठाया जाए. पूरे देश में हमने देखा, चुनाव से पहले सही लोगों के वोट काटे जाते हैं और फर्जी वोटर बनाकर, सिस्टम पर कब्जा करके सरकार चुनाव जीत रही है.”

ऐसे डरकर राजनीति कैसे होगी

राघव चड्ढा को जवाब देते हुए Saurabh Bhardwaj ने कहा, “अभी पश्चिम बंगाल में भी यही हो रहा है. सभी विपक्षी दलों ने सीईसी के खिलाफ एक प्रस्ताव लाने की कोशिश की, जिस पर आपने हस्ताक्षर करने से मना कर दिया. जब भी कोई मुद्दा हो, जिस पर विपक्ष वॉकआउट करता है, आप वॉकआउट नहीं करते हैं. पिछले कई अरसे से मैंने देखा कि आपने कोई ऐसा मुद्दा सदन में नहीं उठाया, जिसमें आपने सरकार से सवाल किए हों. ऐसे डरकर राजनीति कैसे होगी.”

हम लोगों को पंजाब के मुद्दे उठाने हैं

उन्होंने आरोप लगाए, “हम लोगों को पंजाब के मुद्दे उठाने हैं, लेकिन आप वे मुद्दे उठाने से घबराते हैं. अभी गुजरात में 160 कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और झूठे मुकदमों में गिरफ्तार किया गया. आप इस पर भी चुप रहे. बतौर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सरकार ने झूठे मुकदमे में गिरफ्तार कराया. आप उस समय देश से बाहर जाकर छिप गए.” राघव चड्ढा का नाम लेते हुए आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, “मेरा मानना है कि देश के लिए असली मुद्दे निडरता और साहस से उठाने होंगे. आपको सोचना चाहिए कि आप कहां से चले थे और कहां आ गए.”

अनुराग ढांडा ने भी कसा तंज

वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “हम केजरीवाल के सिपाही हैं. निडरता हमारी पहली पहचान है. कोई सरकार से डर जाए तो देश के लिए क्या लड़ेगा? संसद में थोड़ा सा समय बोलने का पार्टी को मिलता है, उसमें या तो देश बचाने का संघर्ष कर सकते हैं या एयरपोर्ट कैंटीन में समोसे सस्ते करवाने का. गुजरात में हमारे सैंकड़ों कार्यकर्ता भाजपा की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए, क्या सांसद साहब सदन में कुछ बोले?”

पश्चिम बंगाल में वोट का अधिकार छीना जा रहा

उन्होंने आगे लिखा, “पश्चिम बंगाल में वोट का अधिकार छीना जा रहा है. सदन में सीईसी के खिलाफ प्रस्ताव आया तो भाई साहब ने साइन करने से मना कर दिया. पार्टी ने सदन से वॉकआउट किया तो सरकार की हाजिरी लगाने के लिए बैठे रहते हैं. पिछले कुछ सालों से तुम डर गए हो राघव. सरकार के खिलाफ बोलने से घबराते हो. देश के असली मुद्दों पर बोलने से घबराते हो.”

राघव चड्ढा ने आप पर लगाए गंभीर आरोप

इससे पहले, राघव चड्ढा ने आरोप लगाए कि उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा को कहा है कि राघव चड्ढा के बोलने पर रोक लगाई जाए. लेकिन वह आम आदमी के मुद्दों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे.” उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा, “खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं.”

ये भी पढ़ें- ‘मैं वह नदी हूं, जो समय आने पर बाढ़ बन जाती है…’, डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा का बयान

Latest News

जनता को युद्ध के असर से बचाने के लिए भारत सरकार पूरी तरह कटिबद्ध: डा. दिनेश शर्मा

डॉ. दिनेश शर्मा ने युद्ध के असर, महंगाई नियंत्रण और जनसंख्या असंतुलन को लेकर बड़ा बयान दिया.

More Articles Like This