भाजपा सरकार बंगाल में सिंडिकेट चलाने वालों को उल्टा लटका देगी-अमित शाह, ‘हीरक की रानी’ से की ममता बनर्जी की तुलना

Must Read

Kolkata: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने के बाद सभी अवैध लोगों की पहचान कर उन्हें बाहर किया जाएगा. उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता में लाओ, हम सिंडिकेट चलाने वालों को उल्टा लटका देंगे. पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में शनिवार को चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा.

‘रानी’ को 23 तारीख को हटाना जरूरी

केंद्रीय मंत्री ने ममता बनर्जी की तुलना ‘हीरक की रानी’ से करते हुए कहा कि इस ‘रानी’ को 23 तारीख को हटाना जरूरी है. उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल से ओडिशा और झारखंड में आलू की सप्लाई बंद कर दी गई है. अगर भाजपा सत्ता में आई तो यह सप्लाई फिर से शुरू होगी. ममता बनर्जी के इस फैसले के कारण 20 रुपए का आलू 2 रुपए में बिक रहा है.

हर एक पैसे का हिसाब देना होगा

अमित शाह ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र द्वारा बंगाल के विकास के लिए भेजे गए फंड को टीएमसी के सिंडिकेट ने हड़प लिया. उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आने पर टीएमसी को हर एक पैसे का हिसाब देना होगा. आदिवासी समुदाय का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में संथाल समाज को कभी सम्मान नहीं मिला, लेकिन भाजपा सरकार में इसी समुदाय की एक महिला को देश का राष्ट्रपति बनाया गया.

राष्ट्रपति बंगाल आईं तो उनका अपमान किया 

अमित शाह ने आरोप लगाया कि जब राष्ट्रपति बंगाल आईं तो उनका अपमान किया गया. अमित शाह ने घोषणा की कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य का मुख्यमंत्री एक बंगाली नेता ही होगा. साथ ही उन्होंने बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपए देने का वादा भी किया. केंद्रीय गृह मंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करेगी, जिससे हिंदू और मुस्लिम दोनों के लिए एक समान कानून होगा.

बेटियां रात 1 बजे भी सुरक्षित घूम सकेंगी

ममता बनर्जी के उस बयान पर भी उन्होंने निशाना साधा, जिसमें उन्होंने लड़कियों को शाम 7 बजे के बाद बाहर न निकलने की सलाह दी थी. अमित शाह ने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो बेटियां रात 1 बजे भी सुरक्षित घूम सकेंगी. गृह मंत्री ने कहा कि ममता बनर्जी के शासन में 7,000 फैक्ट्रियां बंद हो गई हैं, लेकिन भाजपा सत्ता में आने पर उन्हें फिर से शुरू किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें. इजरायल ने ठुकराई सीजफायर वार्ता, हिज्बुल्ला पर किए ताबड़तोड़ हमले, कई इलाकों में बड़ा धमाका

 

Latest News

यूपी में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का खतरा! 28 से 31 अक्टूबर तक आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं. 28 से 30 अक्टूबर के बीच...

More Articles Like This