West Bengal Politics: पश्चिम बंगाल में सियासी हलचल मची हुई है. पूर्व सीएम ममता बनर्जी इस वक्त मुश्किल घड़ी से गुजर रही हैं. 28 साल पुरानी पार्टी तृणमूल कांग्रेस एक हार से टूट गई है. पार्टी के 80 में 60 विधायकों ने अगल रास्ता चुन लिया है. बागी गुट को विधानसभा स्पीकर से मान्यता भी मिल गई है. पूरे बागी गुट को ऋतब्रत बनर्जी लीड कर रहे हैं, जिनके खिलाफ TMC ने दो दिन पहले एक्शन लिया था. अब उसी प्लेयर ने ममता बनर्जी के साथ सबसे बड़ा सियासी खेला कर दिया है. इस बीच टीएमसी में ममता बनर्जी के कई करीबी नेता उनसे अलग हो रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, अब कृष्णा चक्रवर्ती ने बिधाननगर म्युनिसिपैलिटी के मेयर पद से इस्तीफा दे दिया है.
कृष्णा चक्रवर्ती ने क्यों दिया इस्तीफा?
मिली जानकारी के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी की करीबी माने जाने वाली नेता कृष्णा चक्रवर्ती ने निजी कारणों का हवाला देते हुए मेयर पद से इस्तीफा दिया है. मालूम हो कि इससे पहले ममता बनर्जी के एक और करीबी नेता फिरहाद हकीम ने भी बुधवार को कोलकाता के मेयर पद से इस्तीफा दे दिया था. वह 2018 से ही कोलकाता के मेयर पद पर थे.
ऋतब्रत बनर्जी ने खेला बड़ा सियासी खेल
तृणमूल कांग्रेस के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने ही ममता बनर्जी के साथ सबसे बड़ा सियासी खेल, खेला है. एक वक्त में ममता बनर्जी के सबसे करीबी और वफादार लीडरों में ऋतब्रत बनर्जी टॉप पर थे. पूरा विवाद शुरू हुआ नेता विपक्ष चुनने के प्रस्ताव पर फर्जी साइन के आरोपों से. सवाल उठाने पर ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा को पार्टी से बाहर कर दिया गया. फिर ऋतब्रत ने दो दिन के अंदर पूरी पार्टी तोड़ दी. ऋतब्रत ने 58 विधायकों यानी दो-तिहाई से ज्यादा का सपोर्ट लेकर ममता बनर्जी को उनके राजनीतिक करियर का सबसे खराब दिन दिखा दिया.
ममता को 17 मुस्लिम विधायकों ने दिया झटका
मालूम हो कि टीएमसी के टूटने की सबसे बड़ी वजह अभिषेक बनर्जी को माना जा रहा है. टीएमसी विधायक अरुनवा सेन ने कहा है कि उन्हें अभिषेक के डिक्टेटरशिप से दिक्कत है. ममता दीदी आज भी उनकी लीडर हैं, लेकिन अभिषेक से ज्यादातर विधायक नाखुश हैं. TMC में बगावत हुई तो टीएमसी को सबसे बड़ा झटका मुस्लिम विधायकों ने दिया. जो मुस्लिम विधायक ममता बनर्जी की ताकत माने जाते थे, उनमें से 17 सीटिंग विधायकों ने उनका साथ छोड़ दिया और ऋतब्रत के साथ चले गए. उन्हीं में से एक विधायक अखरुज्जमा को ऋतब्रत ने बड़ी जिम्मेदारी देते हुए चीफ व्हिप बनाया है.