PM Modi Ruchika Singh: 23 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए प्रोटेस्ट के दौरान रुचिका सिंह नामक युवती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. जिसके बाद उसके ख़िलाफ़ एक्शन लेने की मांग उठने लगी. हालांकि, बीते दिन पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने उनके ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली सभी युवाओं को माफ कर दिया. इसी बीच मामले की आरोपी रुचिका सिंह ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो पूरे देश से माफी मांगती नजर आ रही.
Ruchika Singh ने शेयर किया वीडियो
इंस्टाग्राम पर रुचिका सिंह माफीनामा वीडियो सामने आया है. जिसमें वो हाथ जोड़े सिर झुकाकर माफी मांगती नजर आ रही. वीडियो में उसने कहा कि मैं अपने दोस्त के साथ सीपी घूमने गई थी. वहां प्रदर्शन हो रहा था और लोग बहुत सारी चीज बोल रहे थे. साथ ही पीएम को गंदी-गंदी गाली दे रहे थे. उन्होंने मुझसे भी कहा कि कुछ बोलो तुम भी. मैं भी उनसे प्रभावित हो गई और बोल दिया. मेरी उम्र महज 15 साल है.
PM Modi ने युवाओं को किया माफ Ruchika Singh
बीते दिन प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से गालियां दी गईं और उनकी दिवंगत माता के लिए भी अत्यंत आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया. पीएम ने कहा कि घटना का स्वरूप बेहद दुखद था, लेकिन वह इस मुद्दे पर किसी के प्रति कटुता नहीं, बल्कि सुधार और सकारात्मक सोच के साथ बात करना चाहते हैं.
बचपन में गलतियां होना स्वाभाविक है
पीएम मोदी ने कहा कि बचपन में गलतियां होना स्वाभाविक है और बचपन की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि उसमें गलतियों को सुधारने का अवसर भी होता है. पीएम ने कहा कि समाज के भीतर इस घटना को लेकर जो आक्रोश है, उसे वह भली-भांति समझ सकते हैं. उनके अनुसार, यह एक “कल्चरल शॉक” है कि देश की बेटियां इस प्रकार की भाषा का प्रयोग कर सकती हैं.
ये गुमराह बच्चे हैं
उन्होंने कहा कि यह समय इन बच्चों को गले लगाकर उन्हें सही रास्ता दिखाने का है. पीएम ने कहा कि ये गुमराह बच्चे हैं और उन्हें सही दिशा देना पूरे समाज की जिम्मेदारी है. वीडियो में उन्होंने आगे कहा कि इन बच्चों को सजा देना, अदालतों के चक्कर कटवाना या समाज में प्रताड़ित करना परिस्थितियों को नहीं बदल सकता.

