Earthquake: पूर्वोत्तर भारत के दो राज्यों अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में देररात को भूकंप के झटके महसूस किए गए. रात में लोग गहरी नींद में थे, तभी जमीन अचानक हिलने लगी और हड़कंप मच गया. राहत की बात यह है कि अभी तक जान-माल के किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं मिली है.
रिक्टर स्केल पर 3.1 मापी गई तीव्रता
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश के पश्चिमी कामेंग जिले में देर रात करीब 1 बजे (12.58 AM) भूकंप के झटके महसूस किए गए. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.1 मापी गई. भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया. अरुणाचल के कुछ घंटों बाद ही सिक्किम के नामची में भी भूकंप के झटके महसूस हुए.
केवल 5 किमी की गहराई पर था भूकंप
सुबह 5 बजकर 38 मिनट पर लोग कंपन से जाग गए. यहां भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर केवल 5 किमी की गहराई पर था. धरती के नीचे होने वाली हलचल ही भूकंप का मुख्य कारण है. हमारी धरती चार परतों से बनी है, जिनके ऊपर टैक्टोनिक प्लेट्स होती हैं. ये प्लेट्स हर साल अपनी जगह से 4-5 मिमी खिसकती हैं. खिसकने के दौरान जब ये प्लेट्स आपस में टकराती हैं तो उससे पैदा होने वाली ऊर्जा ही भूकंप के रूप में सतह को हिला देती है.
किसी खुले मैदान में निकल जाएं
भूकंप जैसी स्थिति में घबराने के बजाय सही कदम उठाना जान बचा सकता है. झटके महसूस होते ही तुरंत घर से बाहर किसी खुले मैदान में निकल जाएं. यदि बाहर निकलना मुमकिन न हो तो किसी मजबूत मेज या बेड के नीचे छिप जाएं. ऊंची इमारतों में रहने वाले लोग सीढ़ियों का प्रयोग करें. लिफ्ट का इस्तेमाल जानलेवा हो सकता है. बिजली के खंभों, पेड़ों और कांच की खिड़कियों से दूर खड़े हों.
इसे भी पढ़ें. Georgia Plane Landing: अमेरिका में सड़क पर हुई प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग, कई गाड़ियों से टकराया

