PM Modi in Assam: इस साल असम में होने वाले विधानसभा के चुनाव को लेकर सियासी हलचल बढ़ गई है. चुनावी रण में राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारियां भी तेज कर दी है. इसी बीच शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन किया.
पूर्वोत्तर हमारे लिए अष्टलक्ष्मी है: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी के खानापारा में वेटनरी कॉलेज फील्ड में भाजपा पार्टी कार्यकर्ताओं की एक जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साझा. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के राज में असम को तरसाया गया. पीएम मोदी ने कहा, ‘कुछ दिन पहले ही देश का बजट आया है. बजट के बाद असम, पूर्वोत्तर का मेरा यह पहला दौरा है. जिस पूर्वोत्तर को कांग्रेस ने हमेशा नजरअंदाज किया हम उस पूर्वोत्तर की भक्ति भाव से सेवा कर रहे हैं. पूर्वोत्तर हमारे लिए अष्टलक्ष्मी है, इस वर्ष का बजट अष्टलक्ष्मी के लिए भाजपा, एनडीए के विजन को और मजबूती देने वाला है. बजट में बहुत अधिक फोकस पूर्वोत्तर को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर है.’
पीएम मोदी ने कहा, ‘भाजपा का कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा करता है, उसके कारण भाजपा आगे बढ़ती है. मैं गर्व से कहता हूं कि मेरे जीवन की सबसे गौरवपूर्ण बात यही है कि नरेंद्र मोदी भाजपा का कार्यकर्ता है. आज भाजपा जहां पहुंची है, उसका श्रेय अगर किसी को मिलता है तो वह सिर्फ और सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ताओं को मिलता है. हमारा विश्वास संगठन में है, हम राष्ट्र जीवन में परिवर्तन का आधार संगठन की शक्ति मानते हैं और इसलिए इतनी बड़ी तादाद में जमीन की जड़ों से जुड़े कार्यकर्ताओं का दर्शन करना अपने आप में बहुत बड़ा सौभाग्य है.
आपको बता दें कि कुमार भास्कर वर्मा सेतु यह पुल गुवाहाटी को नॉर्थ गुवाहाटी से जोड़ता है और पूर्वोत्तर भारत का पहला एक्स्ट्राडोज्ड पुल है. यह 6-लेन का आधुनिक पुल करीब 3,030 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है. इसके बनने से गुवाहाटी और नॉर्थ गुवाहाटी के बीच यात्रा समय घटकर सिर्फ 7 मिनट रह जाएगा, जिससे लोगों को काफी राहत मिलेगी.
क्यों खास है यह पुल?
मालूम हो कि असम भूकंप संभावित क्षेत्र है, इसलिए पुल को खास तकनीक से बनाया गया है. इसमें ‘बेस आइसोलेशन टेक्नोलॉजी’ का इस्तेमाल किया गया है, जो भूकंप के झटकों को कम करने में मदद करती है. इतना ही नहीं, मजबूत और टिकाऊ रहने के लिए इसमें हाई-परफॉर्मेंस केबल्स लगाए गए हैं.
इसके साथ ही पुल में ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम (बीएचएमएस) भी लगाया गया है. यह सिस्टम पुल की स्थिति पर नजर रखेगा, किसी भी नुकसान का पहले से पता लगाएगा और सुरक्षा सुनिश्चित करेगा. यह पुल न केवल यातायात को आसान बनाएगा, बल्कि क्षेत्र के विकास और कनेक्टिविटी को भी नई गति देगा.