Assembly Elections 2026: असम, केरल, पुडुचेरी राज्यों में विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है. दोपहर एक बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, असम में सबसे अधिक 59.63 प्रतिशत मतदान हुआ है. पुडुचेरी में 56.83 प्रतिशत और केरल में 49.70 प्रतिशत वोट पड़ चुके हैं. केरल की 140, असम की 126 और पुदुचेरी की 30 सीटों पर जनता अपने भविष्य का फैसला कर रही है.
CM हिमंता ने पत्नी और बच्चों संग किया मतदान
असम के मुख्यमंत्री और जलुकबारी से उम्मीदवार हिमंता बिस्वा सरमा ने अपनी पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा और बच्चों के साथ कामपुर के एक मतदान केंद्र पर असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपना वोट डाला. इस दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा ने जीत पर पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा, 100 प्रतिशत जीत तय है. असम विधानसभा चुनाव के बीच सोनितपुर जिले के नदुआ निर्वाचन क्षेत्र में तैनात एक मतदान अधिकारी मृत पाए गए. मृतक का नाम देबेन होरो था और उनकी उम्र 45 वर्ष थी.
बिस्तर पर बेहोश मिले थे मतदान अधिकारी
वह डोलापानी एलपी स्कूल के मतदान केंद्र संख्या 230 पर दूसरे मतदान अधिकारी के रूप में तैनात थे. अधिकारियों ने बताया कि देबेन होरो आज सुबह अपने बिस्तर पर बेहोश मिले थे. जिसके बाद उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से पास के अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत का असली कारण अभी साफ नहीं है. हालांकि, डॉक्टरों को किसी पुरानी बीमारी का शक है. देबेन होरो चारीद्वार क्षेत्र के रहने वाले थे और एक सरकारी स्कूल में सहायक शिक्षक थे. इस घटना का मतदान पर कोई असर नहीं पड़ा. असम की 126 सीटों पर शाम 5 बजे तक मतदान होगा. वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी.
अपने निर्णायक चरण में पहुंच गया है चुनाव
देश के तीन महत्वपूर्ण राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है. असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में वोटिंग से लोकतंत्र का यह महापर्व अपने निर्णायक चरण में पहुंच गया है. असम, केरल और पुडुचेरी में वोटिंग जारी है. तीनों राज्यों में अलग-अलग पोलिंग बूथों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई. असम, केरल और पुडुचेरी में एक साथ मतदान होना एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम है.
सभी राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंकी
पूरे चुनाव प्रचार के दौरान सभी राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंकी, लेकिन अब अंतिम फैसला जनता के हाथ में है. निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने हर बूथ पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं. इस बार बड़ी संख्या में युवा मतदाता पहली बार वोट डालेंगे. अब सबकी नजर इस बात पर है कि किसे सत्ता मिलेगी और किसे हार का सामना करना पड़ेगा. असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें. West Bengal Election: हल्दिया में BJP की रैली, PM मोदी बोले- ममता सरकार को हटाने वाली है बंगाल की जनता

