Bhiwandi Building Collapse: महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात चार मंज़िला रिहायशी इमारत गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई और मलबे के नीचे कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है. यहां पावरलूम शहर के बालाजी नगर इलाके में कोहिनूर बिल्डिंग का एक हिस्सा गुरुवार रात करीब 11:30 बजे गिर गया. हादसे में इमारत में काम कर रहे कुछ मजदूर और एक परिवार के लोग मलबे में फंस गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और NDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
मलबे से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला
NDRF की टीम ने मलबे से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल भेजा गया. बाकी की तलाश जारी है. भिवंडी के नारपोली इलाके के भंडारी कंपाउंड स्थित चार मंजिला कोहिनूर बिल्डिंग को नगर निगम ने खतरनाक करार दिया था. इसे कैटेगरी-सी में रखा गया था. यानी इस बिल्डिंग को खतरनाक बताते हुए खाली करने को कहा गया था. बिल्डिंग से ज्यादातर परिवार निकल गए थे, सिर्फ एक परिवार वहां था जो कुछ मरम्मत करवा रहा था.
कुछ हिस्सा भरभराकर गिर गया
इसी दौरान बिल्डिंग का कुछ हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में वहां मौजूद परिवार के लोग और मजदूर आ गए. राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है. मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस इमारत में 48 कमरे थे, हर मंज़िल पर 12 कमरे. नगर निकाय ने इस इमारत को खतरनाक घोषित किया था. मरम्मत का काम चल रहा था, तभी यह हादसा हुआ.
कई परिवारों को दूसरी जगहों पर पहुंचाने में मदद
किसी बड़े हादसे के डर से स्थानीय लोगों ने तुरंत कई परिवारों को दूसरी जगहों पर पहुंचाने में मदद की. हालांकि, जब कुछ लोग बाहर निकल ही रहे थे, तभी इमारत का ‘B’ विंग ढह गया. प्रशासन ने घटनास्थल के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा बचाव कार्य में बाधा न पहुंचाने की अपील की है. घायलों और हताहतों की संख्या को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें. ‘पेपर माफिया को बख्शा नहीं जाएगा’, एंटी पेपर लीक बिल पास होने पर PM मोदी ने Insta पर जारी किया Video