बिहार के CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान: NEET अभ्यर्थियों को मिलेगी मुफ्त बस यात्रा की सुविधा

NEET Re-Exam: बिहार सरकार ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (NEET UG) की 21 जून को दोबारा आयोजित परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्रों के लिए राज्य संचालित बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मुहैया कराए जाने की शनिवार को घोषणा की. राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”नीट परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बिहार राज्य की सभी सरकारी बसों में आवागमन निःशुल्क रहेगा.

बस अड्डों, रेलवे स्टेशन पर पेयजल, सत्तू आदि की व्यवस्था 

”CM ने कहा, ”साथ ही, जिला प्रशासन, राज्य के सभी मठ-मंदिरों एवं गैर-सरकारी संगठनों से आग्रह है कि बस अड्डों, रेलवे स्टेशन तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए पेयजल, सत्तू आदि की व्यवस्था में सहयोग करें. सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए हार्दिक शुभकामनाएं!” परीक्षा के दिन छात्रों को अपना एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) दिखाना होगा और बसों में फ्री सफर करने को मिल जाएगा. इससे छात्रों को समय पर केंद्र पहुंचने में मदद मिलेगी.

अभिभावकों को भी बड़ी आर्थिक राहत

साथ ही अभिभावकों को भी बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी. मुख्यमंत्री ने यह नहीं बताया कि मुफ्त बस यात्रा की सुविधा केवल परीक्षा के दिन उपलब्ध होगी या परीक्षा की तारीख तक की अवधि के लिए होगी. इससे पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने शुक्रवार (22 मई) को नीट-यूजी 2026 के अभ्यर्थियों के लिए एक समर्पित पोर्टल खोला, ताकि वे प्रवेश परीक्षा रद्द होने के बाद परीक्षा शुल्क की वापसी के लिए अपने बैंक खाते का विवरण जमा कर सकें.

बैंक खाता विवरण जमा करने की सुविधा

एजेंसी ने सार्वजनिक सूचना में कहा, “बैंक खाता विवरण जमा करने की सुविधा 22 मई 2026 से 27 मई 2026 (रात 11:50 बजे तक) चालू रहेगी.” राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तीन मई को हुई राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (NEET UG) को प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बीच हाल में रद्द कर दिया था. मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) कर रही है और दोबारा परीक्षा 21 जून को होनी है.

इसे भी पढ़ें. नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 को सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी, युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

More Articles Like This

Exit mobile version