Reporter
The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में रविवार देर रात हुई तेज बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दिलाई. कई इलाकों में देर रात झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने 21 जुलाई की रात से 22 जुलाई की सुबह तक कुछ इलाकों के लिए भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है.
21 जुलाई की रात से 22 जुलाई की सुबह तक भारी बारिश का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक, 21 जुलाई की रात से 22 जुलाई की सुबह के बीच दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.
26 जुलाई तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 26 जुलाई तक लगभग रोजाना बारिश देखने को मिल सकती है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और तेज धूप निकलने की संभावना कम रहेगी. लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है और दिन का तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
जलभराव और ट्रैफिक जाम की बढ़ सकती है समस्या
लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते राजधानी के कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने बिजली गिरने की आशंका भी जताई है. ऐसे में लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है.
तापमान में आई गिरावट
बारिश के बाद दिल्ली के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं पालम में 26.4 डिग्री, लोधी रोड पर 27.4 डिग्री, रिज क्षेत्र में 25.2 डिग्री और आयानगर में 27.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. पालम में तापमान पिछले दिन की तुलना में 2.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा.
24 घंटे में 5.8 मिमी बारिश दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार, सफदरजंग मौसम केंद्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 5.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. रविवार को अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बादल छाए रहने और मध्यम से तेज बारिश के कारण तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है.