PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे बनासकांठा और एकता नगर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. दौरे के दौरान प्रधानमंत्री 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इसके साथ ही देशभर के किसानों के लिए पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत करीब 19,000 करोड़ रुपये जारी करेंगे.
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, पीएम मोदी शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे बनासकांठा में एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी और इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (ET-IVF) प्रयोगशाला का दौरा करेंगे. इसके साथ ही वे भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BRC) के मवेशी फार्म का भी निरीक्षण करेंगे. सुबह करीब 10.30 बजे वे बनासकांठा में 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे. इसके बाद प्रधानमंत्री केवड़िया स्थित एकता नगर पहुंचेंगे. यहां शाम करीब 5 बजे वे भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे. शाम 7.45 बजे एकता प्रकाश पर्व उत्सव में शामिल होने के बाद रात करीब 8.15 बजे नर्मदा आरती में हिस्सा लेंगे.
31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर को सुबह करीब 9 बजे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. इसके बाद सुबह 9.15 बजे एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इस दौरान वे वर्षा वन और वामन वृक्ष वाटिका का भी भ्रमण करेंगे. शाम करीब 5.30 बजे सरदार पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे.
पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा PM Modi Gujarat Visit
गुजरात दौरे के दौरान पीएम मोदी बनासकांठा के भीलड़ी में भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. करीब 127 एकड़ में विकसित इस केंद्र का उद्देश्य पशुधन की नस्लों में सुधार, आनुवंशिक गुणवत्ता बढ़ाना और आधुनिक प्रजनन तकनीकों को प्रोत्साहित करना है. इसके जरिए नस्ल सुधार की प्रक्रिया को 10 से 20 गुना तक तेज करने का लक्ष्य रखा गया है. यह केंद्र विशेष रूप से कांकरेज नस्ल के संरक्षण और संवर्धन पर काम करेगा. इसके अलावा प्रधानमंत्री थराद और राधनपुर में बनास डेयरी के दो बायो-CNG संयंत्रों की आधारशिला रखेंगे. इन संयंत्रों में प्रतिदिन क्रमशः 75 और 100 मीट्रिक टन गोबर का प्रसंस्करण किया जा सकेगा.
अहमदाबाद मेट्रो और सड़क परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार
पीएम मोदी अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2A और फेज-2B विस्तार की आधारशिला भी रखेंगे. फेज-2A के तहत कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक पांच स्टेशन बनाए जाने की योजना है. इसकी लंबाई 6 किलोमीटर से अधिक होगी. वहीं, फेज-2B में गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक तीन स्टेशन विकसित किए जाएंगे. इस हिस्से की लंबाई 3.3 किलोमीटर से अधिक होगी. इसके साथ ही करीब 2,600 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद-मेहसाणा राज्य राजमार्ग-41 को चार लेन से आठ लेन में अपग्रेड करने की परियोजना की भी शुरुआत होगी. इससे अहमदाबाद और उत्तरी गुजरात के बीच आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
आंगनवाड़ी और कृषि क्षेत्र में भी कई परियोजनाएं
प्रधानमंत्री गुजरात में 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे. इसके अलावा 361 तैयार केंद्रों का उद्घाटन करेंगे. करीब 800 करोड़ रुपये की इस पहल से चार लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है. कृषि क्षेत्र में भी बड़ी पहल के तहत वे कृषि अवसंरचना कोष के अंतर्गत पूरी हुई 521 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इन परियोजनाओं पर करीब 4,950 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. इनमें कोल्ड स्टोरेज, कोल्ड चेन, गोदाम, साइलो, पॉलीहाउस, ग्रीनहाउस और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी सुविधाएं शामिल हैं. पीएम मोदी सणंद में आलू प्रसंस्करण संयंत्र के विस्तारित हिस्से का उद्घाटन करेंगे. वहीं, पालनपुर में UHT उत्पादों के लिए स्वचालित भंडारण और पुनर्प्राप्ति प्रणाली (ASRS) की शुरुआत करेंगे.
रेल कनेक्टिविटी और किसानों के लिए भी बड़ी घोषणा
रेल संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती MEMU ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे. इस दौरे का एक अहम कार्यक्रम पीएम-किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी करना भी है. प्रधानमंत्री करीब 19,000 करोड़ रुपये की राशि देशभर के पात्र किसानों के खातों में हस्तांतरित करेंगे. इसके अलावा 12 स्वीकृत बागवानी क्लस्टरों में जमीनी स्तर पर काम शुरू किया जाएगा. करीब 1.46 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाले इन क्लस्टरों से 1.3 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलने का अनुमान है. उत्तरी गुजरात के दो क्लस्टरों में आलू उत्पादन और उससे जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.