Delhi Traffic Alert: दिल्ली में कानून-व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है. इसके साथ ही सुरक्षा कारणों से कुछ मेट्रो स्टेशनों पर भी यात्रियों की एंट्री और एग्जिट अस्थायी रूप से बंद रहेगी. पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करें और घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी जरूर लें.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के (Delhi Traffic Alert) अनुसार, सुबह 6 बजे से अलग-अलग स्थानों पर जरूरत के मुताबिक यातायात को डायवर्ट किया जा सकता है. वहीं, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने जानकारी दी है कि संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक प्रवेश और निकास की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी. सुरक्षा एजेंसियां स्थिति का आकलन करने के बाद आगे के निर्देश जारी करेंगी। हालांकि, इन स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहने की जानकारी दी गई है.
- पटेल चौक
- जनपथ
- राजीव चौक
- मंडी हाउस
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
- बाराखंभा रोड
दिल्ली के इन प्रमुख मार्गों पर प्रभावित हो सकता है ट्रैफिक
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के कई प्रमुख चौराहों, फ्लाईओवरों और गोलचक्करों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है. इनमें वंदे मातरम टी-पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान गोलचक्कर, पंचकुइयां गोलचक्कर और मंडी हाउस गोलचक्कर शामिल हैं. इसके अलावा डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मिंटो रोड और दीन दयाल उपाध्याय मार्ग के आसपास भी वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है. गुरु नानक चौक, चेम्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल टी-पॉइंट, भैरों रोड के रिंग रोड टी-पॉइंट और लोधी रोड फ्लाईओवर पर भी यातायात प्रभावित होने की आशंका है. नीला गुंबद गोलचक्कर, मदरसा टी-पॉइंट और सम्राट होटल गोलचक्कर से गुजरने वाले लोगों को भी अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है.
सेंट्रल दिल्ली के इन इलाकों में भी रहें सतर्क Delhi Traffic Alert
राजधानी के अन्य व्यस्त मार्गों पर भी ट्रैफिक प्रतिबंध या डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं। इनमें सरदार पटेल मार्ग और पंचशील मार्ग का चौराहा, भीकाजी कामा प्लेस के नीचे का हिस्सा, मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे और रिंग रोड-सैन मार्टिन मार्ग का टी-पॉइंट शामिल हैं. अशोक रोड-जंतर मंतर रोड गोलचक्कर, विंडसर पैलेस गोलचक्कर, टॉल्स्टॉय मार्ग-जनपथ चौराहा और रेल भवन गोलचक्कर के आसपास भी आवाजाही प्रभावित हो सकती है. जय सिंह रोड-संसद मार्ग चौराहा, कनॉट प्लेस-बाराखंबा रोड आउटर सर्कल टी-पॉइंट, गोल डाक खाना गोलचक्कर और पटेल चौक गोलचक्कर से गुजरने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर चलना चाहिए. इसके अलावा जय सिंह रोड-अशोका रोड टी-पॉइंट, आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर और कनॉट प्लेस-संसद मार्ग आउटर सर्कल टी-पॉइंट पर भी यातायात की स्थिति के अनुसार बदलाव हो सकते हैं.
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली और मध्य दिल्ली से होकर रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सामान्य से अधिक समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है. रास्तों पर डायवर्जन और यातायात के दबाव के कारण सफर में देरी हो सकती है. यदि किसी जरूरी काम से बाहर निकलना है, तो यात्रा शुरू करने से पहले अपने मार्ग की स्थिति जांच लें. संभव हो तो प्रभावित इलाकों से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अनावश्यक यात्रा टालने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
कहां चेक करें ट्रैफिक के ताजा अपडेट?
दिल्ली में यातायात से जुड़े नए निर्देशों, डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट traffic.delhipolice.gov.in पर जा सकते हैं. इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @dtptraffic हैंडल के जरिए भी अपडेट प्राप्त किए जा सकते हैं. प्रशासन की ओर से स्थिति की समीक्षा के बाद जरूरत के अनुसार ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है. इसलिए घर से निकलने से पहले ताजा एडवाइजरी देखना बेहतर रहेगा.

