Delhi Weather Today: दिवाली के त्योहार के बीच दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर लोगों की चिंता बढ़ा रहा है. 8 नवंबर की सुबह राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के करीब पहुंच गया. दिल्ली के साथ देश के करीब 50 शहरों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई है. एक तरफ प्रदूषण लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है, तो दूसरी ओर मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं.
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और मौसमी परिस्थितियों के चलते भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिवाली के दिन 10 राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज फिलहाल अलग-अलग बना हुआ है. उत्तर भारत में तापमान गिरने के साथ ठंड और कोहरे का असर बढ़ने लगा है, जबकि दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश होने के आसार हैं. वहीं, पहाड़ी इलाकों में आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है.
दिवाली पर दिल्ली की हवा बेहद खराब, कई इलाकों में AQI 400 के करीब
दिवाली की सुबह दिल्ली में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना रहा. 8 नवंबर की सुबह राजधानी का औसत AQI 309 दर्ज किया गया, जबकि कई इलाकों में यह 400 के करीब पहुंच गया. हवा में PM2.5 प्रमुख प्रदूषक बना हुआ है. एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के मुताबिक, दिल्ली में 8 और 9 नवंबर को हवा की गुणवत्ता ‘सीवियर’ श्रेणी में रह सकती है.
इसके बाद भी लोगों को प्रदूषण से जल्द राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. अगले छह दिनों तक राजधानी की हवा ‘सीवियर’ से ‘वेरी पुअर’ श्रेणी के बीच बनी रह सकती है. सुबह के समय राजधानी में धुंध छाई हुई है. वहीं, तापमान में गिरावट के कारण ठंड का एहसास भी बढ़ने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में ठंड का असर और तेज हो सकता है.
दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड, कोहरे के भी आसार
दिल्ली-NCR के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी सुबह के समय ठंड और कोहरे का असर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, इन राज्यों में आज बारिश की संभावना नहीं है. इन इलाकों में दिन का तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
रात के तापमान में गिरावट के चलते सुबह और देर रात ठंड का एहसास ज्यादा होगा. मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में भी मौसम साफ रहने की संभावना है. मध्य प्रदेश में दिवाली के दिन बारिश या आंधी को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. हालांकि, यहां भी धीरे-धीरे ठंड बढ़ने के आसार हैं.
दिवाली पर दक्षिण भारत के इन राज्यों में बारिश का अनुमान
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, दिवाली के दिन दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. चक्रवात ‘मुरासु’ कमजोर पड़ चुका है, लेकिन इसका प्रभाव अभी भी कुछ क्षेत्रों में बना हुआ है. IMD ने तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. तमिलनाडु के अलावा पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा.
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार, 12 नवंबर को कश्मीर में भारी हिमपात की संभावना
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है. उत्तराखंड में आज हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है. इसके अलावा 8 और 9 नवंबर को राज्य के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है.
हालांकि, 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. इसके असर से पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 12 नवंबर को कश्मीर घाटी में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है. ऐसे में आने वाले दिनों में पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर और बढ़ने के आसार हैं.