North India Weather Update: फरवरी का पहला सप्ताह गुजरते ही उत्तर भारत के मौसम में स्पष्ट बदलाव देखने को मिल रहा है. तेज सर्दी का असर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है और मौसम सर्दी से गर्मी की ओर बढ़ने लगा है. यह बदलाव अचानक नहीं, बल्कि एक ट्रांजिशन फेज के तहत हो रहा है, जिसमें दिन का मौसम सुहावना हो रहा है, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड अब भी बनी हुई है. मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक मौसम का मिजाज अलग-अलग रूप में नजर आ रहा है.
दिल्ली-NCR: धूप बढ़ी, सीमित हुई ठंड
दिल्ली-एनसीआर में अब सर्दी का असर काफी कम हो चुका है. घने कोहरे की जगह सुबह के समय हल्की धुंध ही कहीं-कहीं देखने को मिल रही है. आसमान साफ रहने से दिन में तेज धूप निकल रही है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. दिन के वक्त अब गर्माहट का अहसास होने लगा है, जबकि ठंड मुख्य रूप से सुबह और शाम तक सिमट गई है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज दिल्ली में अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. अगले सात दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं. 9 और 10 फरवरी को आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है, जबकि 11 फरवरी के बाद मौसम के फिर से साफ होने की संभावना जताई गई है.
वहीं, वायु गुणवत्ता अब भी दिल्लीवासियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है. शनिवार को राजधानी का औसत AQI 227 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है. हालांकि रविवार सुबह प्रदूषण के स्तर में हल्का सुधार देखने को मिला और AQI घटकर करीब 196 के आसपास पहुंच गया.
UP: धूप से राहत, हल्की ठंड बरकरार
उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं का असर कम होने से मौसम अब ज्यादा आरामदायक लगने लगा है. दिन में धूप निकलने से ठंड कम महसूस हो रही है, लेकिन सुबह और शाम हल्की ठंड बनी हुई है. न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 24–26 डिग्री के बीच रह सकता है. बरेली सबसे ठंडा और झांसी सबसे गर्म जिला रह सकता है. 9 फरवरी के बाद पहाड़ों से आने वाले पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर उत्तरी यूपी में दिख सकता है, जिससे कहीं-कहीं बूंदाबांदी संभव है.
बिहार: सुबह-शाम सतर्कता जरूरी
बिहार में धूप और हल्की पछुआ हवाओं के चलते मौसम में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल रहा है. हालांकि कुछ जिलों में सुबह के समय कोहरे की स्थिति अब भी बनी रह सकती है. दिन के वक्त धूप निकलने से ठंड का असर कम रहेगा, लेकिन रात और तड़के सुबह हल्की ठंड से बचाव जरूरी होगा. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
राजस्थान: पश्चिमी विक्षोभ की आहट
राजस्थान में इस समय मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. हालांकि मौसम विभाग के अनुसार 9 फरवरी के आसपास सक्रिय हो रहे एक नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बादल छा सकते हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है.
हिमाचल और उत्तराखंड: बर्फबारी से फिर बढ़ेगी ठंड
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम का रुख बिल्कुल अलग है. अगले 48 घंटों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी तेज हो सकती है. लाहौल-स्पीति, ताबो, कुकुमसेरी जैसे इलाकों में भारी बर्फबारी, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी है. उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में भी बर्फबारी से ठंड फिर तेज होगी.
कश्मीर: फिर लौटेगा बारिश-बर्फबारी का दौर
जम्मू-कश्मीर में अगले दो दिनों के भीतर एक बार फिर बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है. ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे बने रहने के आसार हैं, जिससे दिन के समय भी ठंडे दिन जैसी स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 9 से 11 फरवरी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है.

