Chandigarh: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा से जींद में देश की पहली हाईड्रोजन ट्रेन की हरी झंडी देकर रवाना किया है. एक नया इतिहास रच दिया है. हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना करने के बाद प्रधानमंत्री जींद के रैली स्थल पर पहुंच गए हैं. रैली स्थल पर पहुंचकर विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है और प्रशासन की ओर से भी व्यापक तैयारियां की गई हैं.
2600 यात्रियों को ले जाने की क्षमता
यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच संचालित होगी और एक बार में लगभग 2600 यात्रियों को ले जाने की क्षमता रखती है. आम यात्रियों के लिए इसका किराया करीब 25 रुपये रखा गया है, जिससे लोगों को किफायती और पर्यावरण अनुकूल यात्रा का विकल्प मिलेगा. हाइड्रोजन ईंधन से संचालित यह ट्रेन प्रदूषण मुक्त परिवहन व्यवस्था की दिशा में भारत का बड़ा कदम मानी जा रही है.
आधुनिक सुविधाओं से लैस 10 कोच
ट्रेन में आधुनिक सुविधाओं से लैस 10 कोच लगाए गए हैं, जबकि इसकी तकनीक डीजल ट्रेनों की तुलना में अधिक स्वच्छ और पर्यावरण हितैषी है. इस ऐतिहासिक शुरुआत के साथ ही भारत विश्व के उन चुनिंदा देशों की लीग में शामिल हो जाएगा जिनके पास यह अत्याधुनिक तकनीक है. भारत दुनिया का पांचवां ऐसा देश बनने जा रहा है, जिसने अपनी पटरियों पर हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली ट्रेन उतार दी है.
पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक से तैयार
इससे पहले जर्मनी, चीन, जापान और अमेरिका जैसे गिने-चुने देशों ने ही इस तकनीक का सफल इस्तेमाल किया है. यह पूरी तरह से ‘मेक इन इंडिया’ के तहत स्वदेशी तकनीक से तैयार की गई ट्रेन है. यह देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा के जींद और सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर लंबे रूट पर चलाई जाएगी. यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच कुल 12 स्टेशनों (जैसे गोहाना, बुताना, मोहाना आदि) पर रुकेगी. यह ट्रेन 89 किलोमीटर का सफर करीब 2 घंटे में तय करेगी. सामान्य ट्रैक पर इसकी अधिकतम परिचालन गति 75 किमी/घंटा होगी, हालांकि इसे 110 किमी/घंटा की टॉप स्पीड के लिए डिजाइन किया गया है.
आज की रैली ऐतिहासिक और पूरी तरह सफल
रैली स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे राज्यसभा सांसद एवं कार्यक्रम प्रभारी संजय भाटिया कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखकर खुशी से झूमते नजर आए. उन्होंने कहा कि आज की रैली ऐतिहासिक और पूरी तरह सफल होगी. रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पिछले कई दिनों से लगातार मेहनत की है, जिसका परिणाम आज देखने को मिलेगा.
अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी
संजय भाटिया ने कहा कि रैली को कामयाब बनाने के लिए सभी को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं और हर कार्यकर्ता ने पूरी निष्ठा के साथ अपना दायित्व निभाया है. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग पहुंचेंगे और यह आयोजन हरियाणा के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगा.
इसे भी पढ़ें. जम्मू-कश्मीर: डोडा में सर्विस राइफल छीनने की कोशिश, हुई गोलीबारी, एक की मौत, तीन जवान घायल

