IMD Rain Alert 5 July 2026: देश के करोड़ों लोगों के लिए मौसम को लेकर इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है. भीषण गर्मी और उमस के बीच मानसून ने अब रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी के ताजा बुलेटिन के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक मजबूत कम दबाव का क्षेत्र बन चुका है, जो आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों को और तेज कर सकता है.
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह सिस्टम अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर ओडिशा और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा. इसके प्रभाव से अगले चार से पांच दिनों तक मध्य, पश्चिम और उत्तर भारत के बड़े हिस्से में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना भी बनी हुई है. इसी बीच उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और हरियाणा समेत 13 राज्यों में आंधी, तेज बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
13 राज्यों में तूफानी हवाओं के साथ वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 8 घंटों को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है. इसके तहत उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और हरियाणा समेत देश के 13 राज्यों में अलग-अलग तीव्रता की बारिश होने का अनुमान है. कहीं हल्की बौछारें पड़ सकती हैं तो कुछ क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश देखने को मिल सकती है. इस दौरान मैदानों से लेकर पहाड़ों तक तेज आंधी चलने की आशंका है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान की आशंका बढ़ सकती है.
दिल्ली-NCR में 7 जुलाई तक बारिश का नया दौर
राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में 5 जुलाई से मौसम बदलने वाला है. 7 जुलाई तक लगातार बारिश और आंधी-तूफान का नया दौर देखने को मिल सकता है. इससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के साथ तापमान में गिरावट आने के आसार हैं. 5 जुलाई की सुबह से दिल्ली के आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में ठंडी हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो चुकी है. दोपहर बाद तेज आंधी के साथ बारिश की बौछारें पड़ने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश में 10 जुलाई तक सक्रिय रहेगा मानसून
उत्तर प्रदेश में 5 से 10 जुलाई के दौरान मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने का अनुमान है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश देखने को मिल सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 और 6 जुलाई को कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 7 जुलाई तक तेज वर्षा का दौर बना रह सकता है. इसके बाद 8 से 10 जुलाई के बीच प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की तीव्रता बढ़ने का अनुमान है.
बिहार में तीन दिन ज्यादा बिगड़ सकता है मौसम
बिहार में 10 जुलाई तक रुक-रुककर बारिश होती रहेगी, लेकिन 6, 7 और 10 जुलाई को मौसम अधिक गंभीर रह सकता है. इन तारीखों पर कुछ स्थानों में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है. बारिश के साथ करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. गरज-चमक के दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा.
5 जुलाई को प्रमुख शहरों में कैसा रहेगा तापमान?
5 जुलाई को देश के प्रमुख शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहने का अनुमान है.
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| दिल्ली | 37°C | 30°C |
| मुंबई | 27°C | 27°C |
| चेन्नई | 36°C | 29°C |
| कोलकाता | 31°C | 28°C |
| लखनऊ | 36°C | 31°C |
| पटना | 36°C | 29°C |
| रांची | 27°C | 24°C |
| भोपाल | 31°C | 26°C |
| जयपुर | 37°C | 29°C |
| शिमला | 27°C | 21°C |
| नैनीताल | 27°C | 22°C |
राजस्थान में 10 जुलाई तक बरसेंगे बादल
राजस्थान में 5 से 10 जुलाई के बीच मानसून की गतिविधियां जारी रहने वाली हैं. पूर्वी राजस्थान में 5 से 7 जुलाई तक कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद 9 जुलाई को भी तेज वर्षा का अलर्ट है. पश्चिमी राजस्थान के अपेक्षाकृत शुष्क इलाकों में 6 से 8 जुलाई के दौरान अच्छी बारिश होने का अनुमान है. इससे राज्य के उन हिस्सों में भी मानसून की सक्रियता बढ़ेगी, जहां अब तक अपेक्षाकृत कम वर्षा दर्ज की गई है.
झारखंड में 50 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं
झारखंड में 5 से 8 जुलाई के बीच अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. 5 जुलाई को राज्य के कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. तेज हवा और खराब मौसम को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.
पहाड़ों पर मंडराया भूस्खलन का बड़ा खतरा
पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के लिए आने वाले पांच दिन किसी बड़ी आफत से कम नहीं होने वाले हैं. उत्तराखंड में आज 5 जुलाई को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 6 से 10 जुलाई तक लगातार मूसलाधार बारिश का अलर्ट है. हिमाचल प्रदेश में भी 6 और 7 जुलाई को बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
लगातार होने वाली इस बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन यानी लैंडस्लाइड, अचानक आने वाली बाढ़, जलभराव और नदियों-नालों के जलस्तर में खतरनाक बढ़ोतरी होने की पूरी आशंका है, जिससे कई नेशनल हाईवे और संपर्क सड़कें प्रभावित हो सकती हैं.
यह भी पढ़े: पद्म विभूषण पंडवानी गायिका तीजन बाई का निधन, 70 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, पीएम मोदी ने जताया शोक