IMD Rain Alert 7 July 2026: देश के ज्यादातर हिस्सों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. कहीं झमाझम बारिश हो रही है तो कहीं तेज आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. इसी बीच दक्षिण झारखंड और उत्तरी ओडिशा के अंदरूनी इलाकों के ऊपर बने शक्तिशाली डिप्रेशन ने चिंता और बढ़ा दी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, इस सिस्टम के असर से अगले तीन दिनों तक मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश देखने को मिल सकती है.
मौसम विभाग ने उत्तर से लेकर दक्षिण तक 22 राज्यों के लिए भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. दिल्ली-एनसीआर में 9 जुलाई तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं, जबकि उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, झारखंड और पहाड़ी राज्यों में 12 जुलाई तक मौसम खराब रह सकता है. आइए जानते हैं आज 7 जुलाई को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम कैसा रहने वाला है.
70 किलोमीटर की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, नए डिप्रेशन के कारण बंगाल की खाड़ी से लेकर मध्य भारत तक मौसम में बड़ा बदलाव आया है. उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में समुद्र की स्थिति खराब बनी हुई है. इसे देखते हुए आईएमडी ने 7 जुलाई तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. मैदानी इलाकों में भी तेज आंधी परेशानी बढ़ा सकती है. कई जगहों पर हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. इतनी तेज हवा से कमजोर ढांचों, होर्डिंग्स और पेड़ों को नुकसान हो सकता है. मौसम विभाग ने लोगों से आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित जगह पर रहने की अपील की है.
दिल्ली-एनसीआर में 9 जुलाई तक आंधी और बारिश
दिल्ली और आसपास के इलाकों में मानसून की बारिश शुरू हो चुकी है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज 7 जुलाई को सुबह और दोपहर के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चलने के आसार हैं. दिल्ली में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी. आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, 8 और 9 जुलाई को भी दिल्ली में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
7 जुलाई को बड़े शहरों में कैसा रहेगा तापमान?
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| दिल्ली | 34°C | 29°C |
| मुंबई | 28°C | 27°C |
| चेन्नई | 37°C | 29°C |
| कोलकाता | 31°C | 29°C |
| लखनऊ | 33°C | 27°C |
| पटना | 31°C | 28°C |
| रांची | 27°C | 24°C |
| भोपाल | 28°C | 25°C |
| जयपुर | 34°C | 28°C |
| शिमला | 27°C | 21°C |
| नैनीताल | 24°C | 21°C |
उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई तक बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ और बरेली समेत पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 7 से 12 जुलाई के बीच बारिश होने की संभावना है. आज राज्य के कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. कुछ जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा.
बिहार में आंधी और बिजली गिरने का खतरा
बिहार में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने वाला है. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों में 12 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. आज कई इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की आशंका है. वहीं 9 से 12 जुलाई के बीच कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है. लगातार तेज बारिश हुई तो निचले इलाकों में पानी भरने और बाढ़ जैसी स्थिति बनने का खतरा बढ़ सकता है.
राजस्थान में 12 जुलाई तक बारिश का अलर्ट
राजस्थान में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है. जयपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर समेत कई इलाकों में 12 जुलाई तक बारिश होने के आसार हैं. पूर्वी राजस्थान में 9 जुलाई तक कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं 10 जुलाई को कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है. लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ सकती है.
झारखंड में तेज बारिश के साथ वज्रपात का खतरा
झारखंड में बने डिप्रेशन का सीधा असर मौसम पर दिखाई दे रहा है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और हजारीबाग समेत कई इलाकों में 12 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. राज्य में 10 जुलाई तक तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में 12 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं. आज कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. लगातार बारिश से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. कई जगह सड़कें बंद हो सकती हैं और नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है.
उत्तराखंड में भी बिगड़ा रहेगा मौसम
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार और चमोली समेत कई जिलों में 12 जुलाई तक बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कई जगह गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है. पहाड़ों पर लगातार बारिश होने से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है. संवेदनशील इलाकों में सड़कें बंद होने और नदी-नालों के उफान पर आने की आशंका है.
जम्मू-कश्मीर में तेज हवाओं के साथ बारिश
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू, अनंतनाग और बारामूला में भी 12 जुलाई तक मौसम खराब रह सकता है. कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है और कुछ संवेदनशील इलाकों में सड़क संपर्क प्रभावित होने की आशंका है.
यह भी पढ़े: चीन में आंधी-तूफान का कहरः आठ की मौत, मंडरा रहा सुपर टाइफून ‘बावी’ का भी खतरा