IMD Weather Update 29 June: जून का आखिरी दौर चल रहा है, लेकिन मौसम का मिजाज लगातार चौंका रहा है. देश के अलग-अलग हिस्सों में हालात एक जैसे नहीं हैं. कहीं तेज धूप और भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है, तो कहीं तेज बारिश और आंधी ने जनजीवन प्रभावित करना शुरू कर दिया है. इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए अहम चेतावनी जारी की है. अगले कुछ दिनों में मॉनसून के और सक्रिय होने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल सकता है. आइए जानते हैं 29 जून को देशभर में मौसम कैसा रहने वाला है.
उत्तर प्रदेश में दोहरा असर, कहीं लू तो कहीं आंधी-बारिश
उत्तर प्रदेश में आज मौसम दो अलग-अलग रूप दिखा सकता है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई इलाकों में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. वहीं पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर बना रह सकता है. आईएमडी के अनुसार वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर जैसे जिलों में दिन के समय तेज गर्मी पड़ने की आशंका है. लोगों को दोपहर के दौरान धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है.
दिल्ली-एनसीआर को गर्मी से राहत मिलने के आसार
दिल्ली-एनसीआर में लंबे समय से जारी गर्मी और उमस के बीच राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 29 जून से 30 जून तक राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं. कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और मौसम पहले की तुलना में अधिक सुहावना रहेगा.
बिहार में बारिश की गतिविधियां होंगी तेज
बिहार में मॉनसून सक्रिय हो चुका है और अब इसके प्रभाव में तेजी आने की संभावना है. आज राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं 29 जून से 1 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी बनी रहेगी, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
पंजाब में मौसम बदलने की संभावना
पंजाब में भी मौसम का रुख बदल सकता है. अमृतसर, लुधियाना, जालंधर और पटियाला सहित कई शहरों में शाम से तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार यह सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है.
उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश का दौर जारी
पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश का असर देखने को मिल रहा है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मनाली में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं उत्तराखंड के देहरादून और नैनीताल में 1 जुलाई से 3 जुलाई के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़े: भारतीय शेयर बाजार सपाट शुरूआत, जानें सेंसेक्स निफ्टी का हाल