Jharkhand Bandh: JPSC और JSSC अभ्यर्थियों पर विधानसभा घेराव के दौरान हुए लाठीचार्ज, वॉटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल का मामला अब तूल पकड़ चुका है. सोमवार की कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया है. सुबह 8 बजे से ही बंद का असर राजधानी रांची समेत कई इलाकों में दिखाई देने लगा. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
रांची के कई प्रमुख इलाकों में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर यातायात बाधित किया और दुकानों को बंद कराया. हरमू चौक, भारत माता चौक और किशोरगंज में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर टायर और लकड़ियां जलाकर चक्का जाम किया. बंद को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है.
क्यों सुलग उठा रांची?
JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली की CBI जांच और JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर छात्र पिछले 17 दिनों से आंदोलन कर रहे थे. इसी आंदोलन के तहत सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे. जब हजारों अभ्यर्थियों ने बैरिकेड्स तोड़कर विधानसभा की ओर आगे बढ़ने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया. इस दौरान लाठीचार्ज के साथ वॉटर कैनन और आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया गया. कार्रवाई के दौरान कई छात्रों के घायल होने की बात सामने आई. वहीं, पिछले 9 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत भी बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. सोमवार की इस कार्रवाई के बाद बीजेपी ने अभ्यर्थियों के समर्थन में झारखंड बंद का ऐलान किया.
पूरे रांची में 2000 अतिरिक्त जवान तैनात
बंद के दौरान किसी भी तरह की हिंसा या उपद्रव को रोकने के लिए राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पूरे शहर में करीब 2000 अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी. नया और पुराना विधानसभा परिसर, सरकारी कार्यालयों और संवेदनशील चौराहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
निजी स्कूल बंद, सड़कों पर कम हुई गाड़ियों की आवाजाही
बंद और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए रांची समेत कई प्रमुख जिलों में निजी स्कूलों ने मंगलवार को छुट्टी घोषित कर दी है. वहीं, सड़कों पर बसों और ऑटो की आवाजाही भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम दिखाई दे रही है. इस बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने भी छात्रों पर हुई कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन का ऐलान किया है.
संगठन की ओर से पुराने विधानसभा परिसर से नए विधानसभा परिसर तक विरोध मार्च निकाले जाने की बात कही गई है. इसके चलते रांची में दिनभर राजनीतिक और छात्र गतिविधियों के चलते माहौल गर्म रहने के आसार हैं.
यह भी पढ़े: महाराष्ट्र में हादसाः पुणे-सातारा हाईवे पर ट्रक से टकराई कार, चार लोगों की मौत, दो गंभीर