New Delhi: LPG गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले लाखों उपभोक्ताओं को सब्सिडी की राशि बैंक खाते में आने में दिक्कत हो सकती है. सरकार ने गैस उपभोक्ताओं को 30 जून तक e-KYC पूरा करने के लिए कहा है. तय समय तक यह प्रोसेस पूरी नहीं करने पर गैस सब्सिडी मिलने में परेशानी आ सकती है. ऐसे में जल्द से जल्द अपना e-KYC अपडेट कर लेना चाहिए.
सब्सिडी को सही लाभार्थियों तक पहुंचाना मकसद
सरकार का कहना है कि इस कदम का मकसद गैस सब्सिडी को सही लाभार्थियों तक पहुंचाना और फर्जी कनेक्शनों पर रोक लगाना है. इसके जरिए यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि एक व्यक्ति एक ही कनेक्शन पर सब्सिडी का फायदा ले सके और सरकारी योजनाओं का फायदा गलत तरीके से न उठाया जाए. पिछले कुछ समय से सरकार गैस कनेक्शनों का रिकॉर्ड अपडेट करने पर जोर दे रही है.
e-KYC करवाना जरूरी
जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से अपने LPG कनेक्शन की जानकारी को आधार से दोबारा वेरिफाई नहीं कराया है, उन्हें e-KYC करवाना जरूरी हो सकता है. अगर तय समय सीमा तक यह प्रोसेस पूरी नहीं की जाती है तो गैस सब्सिडी की राशि आपके बैंक खाते में आने में दिक्कत हो सकती है. सरकार का मानना है कि e-KYC के जरिए फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शनों की पहचान करना आसान होगा.
e-KYC के प्रोसेस के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध
इससे सब्सिडी का लाभ केवल पात्र उपभोक्ताओं तक ही पहुंचेगा. e-KYC के प्रोसेस को आसान बनाने के लिए गैस कंपनियों ने ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई है. उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन से संबंधित गैस कंपनी का ऐप या वेबसाइट खोलकर लॉग इन कर सकते हैं. लॉग इन करने के बाद e-KYC या Re-KYC के ऑप्शन पर जाना होगा. इसके बाद मोबाइल कैमरे की मदद से फेस वेरिफिकेशन किया जाएगा.
मिलान होने पर पहचान सत्यापित
जानकारी का मिलान होने पर आपकी पहचान सत्यापित हो जाएगी और e-KYC की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी. इस पूरी प्रक्रिया में किसी कागजी दस्तावेज की जरूरत नहीं पड़ती और कुछ ही मिनटों में काम पूरा हो सकता है. जो लोग ऑनलाइन प्रोसेस पूरी नहीं कर पा रहे हैं, वे अपने नजदीकी गैस एजेंसी या डिस्ट्रीब्यूटर के कार्यालय में जाकर e-KYC करा सकते हैं. इसके लिए आधार कार्ड की कॉपी, गैस कनेक्शन से जुड़े दस्तावेज और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर साथ ले जाना होगा.
पहचान वेरिफाई के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन
एजेंसी में पहचान वेरिफाई के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जा सकता है. फिंगरप्रिंट या अन्य जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद e-KYC तुरंत अपडेट कर दी जाएगी. इससे आपका गैस कनेक्शन सक्रिय रहेगा और भविष्य में सब्सिडी मिलने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी.
इसे भी पढ़ें. US Plane Crash: अमेरिका में लैंडिग से पहले गिरा जेट, एक की मौत, तीन दिन में दूसरा विमान हादसा