PM Modi on Payal Mehta Death: वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता के अचानक निधन से मीडिया जगत में शोक की लहर है. 46 साल की उम्र में उनके असमय चले जाने से सहयोगियों, मित्रों और शुभचिंतकों को गहरा दुख पहुंचा है. संसदीय मामलों और राष्ट्रीय राजनीति की गहरी समझ रखने वाली पायल मेहता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की है.
मुंबई में अचानक बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पायल मेहता किसी काम के सिलसिले में मुंबई गई हुई थीं. शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि करीब 2 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें तेज बेचैनी महसूस हुई. इसके बाद उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के इलाज शुरू करने से पहले ही उनका निधन हो गया. उनके अचानक निधन की खबर से पत्रकारिता जगत में स्तब्धता का माहौल है. सहयोगियों और परिचितों के लिए इस दुखद खबर पर विश्वास करना मुश्किल हो रहा है.
‘मेहनती और जमीन से जुड़ी पत्रकार थीं पायल’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पायल मेहता के निधन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने अपने संदेश में उन्हें मेहनती और जमीन से जुड़ी पत्रकार बताया. प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय मुद्दों पर उनकी गहरी समझ और लोगों के प्रति उनके दयालु व्यवहार को भी याद किया.
Payal Mehta Ji was a hardworking journalist who remained firmly connected to the ground, bringing a deep understanding of national issues to her reporting.
Beyond her work, she will be remembered for the kindness and warmth with which she touched so many lives. Her sudden and… pic.twitter.com/4uG7MmzGol
— Narendra Modi (@narendramodi) September 20, 2026
पीएम मोदी ने लिखा, “पायल मेहता एक अत्यंत मेहनती पत्रकार थीं जो हमेशा जमीन से जुड़ी रहीं और अपनी रिपोर्टिंग में राष्ट्रीय मुद्दों की गहरी समझ लेकर आती थीं. अपने काम के अलावा, उन्हें उस दयालुता और स्नेह के लिए याद किया जाएगा जिसके साथ उन्होंने इतने सारे लोगों के जीवन को प्रभावित किया. उनका अचानक निधन बेहद दुखद है और उनके परिवार, दोस्तों व सहयोगियों के प्रति संवेदनाएं.”
कई नेताओं ने जताया दुख
पायल मेहता के निधन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत कई नेताओं ने भी दुख व्यक्त किया है. विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. राष्ट्रीय राजनीति और संसदीय कार्यवाही की गहरी समझ रखने वाली पायल मेहता के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है.
पत्रकारिता जगत में याद की जाएंगी पायल मेहता
पायल मेहता संसदीय मामलों और राष्ट्रीय राजनीति पर अपनी समझ के लिए जानी जाती थीं. खबरों के प्रति उनकी निष्ठा और पत्रकारिता के प्रति समर्पण ने उन्हें अपने सहयोगियों के बीच एक अलग पहचान दिलाई. उनके निधन से मीडिया जगत में शोक का माहौल है. उनके परिवार, मित्रों और सहयोगियों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं.
यह भी पढ़े: Pakistan: बलूचिस्तान में पांच लड़ाकों को पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने मार गिराया

