Rajasthan Bus Accident: राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई. भोपाल से खाटूश्याम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस हादसे का शिकार हो गई. दुर्घटना में करीब 8 लोगों की जान चली गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सुबह 6:30 बजे हुआ हादसा Rajasthan Bus Accident
यह दुर्घटना कोटा के सिमलिया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे हुई. जानकारी के अनुसार, मिनी बस में सवार लोग भोपाल से खाटूश्याम की यात्रा पर निकले थे. सफर के दौरान बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद बस नाले के ऊपर बने पुल से टकराकर करीब 15 फीट नीचे जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी.
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भी राहत कार्य में मदद की. घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई. बस नीचे गिरने के बाद उसमें फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी. नाले में कीचड़ और पानी होने के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आईं. बताया जा रहा है कि मिनी बस में 25 से ज्यादा लोग सवार थे.
8 लोगों की मौत, 15 से अधिक यात्री घायल
कोटा ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा ने हादसे में करीब 8 लोगों की मौत और 15 से अधिक यात्रियों के घायल होने की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि यात्री अलग-अलग परिवारों से संबंधित थे, लेकिन एक-दूसरे को जानते थे. यात्रा की योजना बनाने वाला व्यक्ति भी बस में मौजूद था. वह खुद भी दुर्घटना में घायल हुआ है और मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हादसा सिमलिया थाना क्षेत्र में आठ लेन वाले एक्सप्रेसवे पर हुआ. शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि रातभर या देर तक वाहन चलाने के कारण चालक को नींद की झपकी आ गई होगी. इससे बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई. हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
गंभीर घायलों का आईसीयू में इलाज
जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने बताया कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है. अस्पताल में सभी घायलों का उपचार जारी है. प्रशासन की ओर से घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है. इस दर्दनाक हादसे के बाद श्रद्धालुओं के परिवारों में शोक का माहौल है.