सेमीकॉन इंडिया 2026 का 17 सितंबर को उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी, 500 से ज्यादा प्रदर्शक होंगे शामिल

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी में सेमीकॉन इंडिया 2026 के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे. सरकार को इस आयोजन से देश के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई. इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार, ‘सिलिकॉन टू सिस्टम्स: बिल्डिंग द इकोसिस्टम’ थीम पर आधारित तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस और प्रदर्शनी 17 से 19 सितंबर तक आयोजित होगी. इसका आयोजन मंत्रालय के तहत इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) और ग्लोबल इंडस्ट्री एसोसिएशन एसईएमआई मिलकर कर रहे हैं. इस कार्यक्रम में नीति-निर्माताओं, ग्लोबल सेमीकंडक्टर कंपनियों, इंडस्ट्री अधिकारियों, रिसर्चर्स, एकेडमिक्स, स्टार्ट-अप्स और स्टूडेंट्स के शामिल होने की उम्मीद है. इस दौरान सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन में हो रहे विकास पर चर्चा की जाएगी.

सेमीकॉन 2.0 को मिली मंजूरी

केंद्र सरकार ने हाल ही में देश की सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई-चेन क्षमताओं को मजबूत करने के लिए सेमीकॉन 2.0 को मंजूरी दी है. सरकार के अनुसार, वह 332 से ज्यादा शैक्षणिक संस्थानों और 105 स्टार्ट-अप्स को एडवांस्ड डिजाइन टूल्स उपलब्ध कराकर सेमीकंडक्टर रिसर्च, इनोवेशन और डिजाइन को बढ़ावा दे रही है. इसके अलावा, डिजाइन लिंक्ड इंसेंटिव (डीएलआई) स्कीम के तहत 24 स्टार्ट-अप्स को मंजूरी दी गई है.

सेमीकॉन 1.0 के तहत 12 प्रोजेक्ट्स मंजूर

मंत्रालय के मुताबिक, सेमीकॉन इंडिया प्रोग्राम के तहत भारत के सेमीकंडक्टर से जुड़े लक्ष्यों को तेजी मिली है. घरेलू सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम तैयार करने में मदद के लिए सेमीकॉन 1.0 के तहत 12 प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई है. इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने कहा कि 2026 का एडिशन भारत की सेमीकंडक्टर यात्रा के एक अहम पड़ाव पर हो रहा है.

उन्होंने बताया कि सेमीकॉन 1.0 के तहत मंजूर किए गए 12 प्रोजेक्ट्स में से तीन में कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू हो चुका है. उन्होंने कहा, छह मुख्य स्तंभों के साथ सेमीकॉन 2.0 की घोषणा एक मजबूत और टिकाऊ सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम बनाने के भारत के संकल्प को और मजबूत करती है.

ग्लोबल सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री के लिए अहम मंच

एसईएमआई के अध्यक्ष और सीईओ अजीत मनोचा ने कहा कि भारत अपने टैलेंट पूल, पॉलिसी सपोर्ट और लंबे समय के विजन के जरिए ग्लोबल सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में अपनी भूमिका बढ़ाने के लिए अच्छी स्थिति में है. एसईएमआई इंडिया और आईईएसए के अध्यक्ष अशोक चंडक ने कहा कि यह इवेंट एक व्यापक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन बनाने की भारत की कोशिशों को दिखाता है. उनके मुताबिक, यह इंडस्ट्री लीडर्स, पॉलिसी बनाने वालों, इन्वेस्टर्स और रिसर्चर्स के बीच सहयोग के लिए एक अहम मंच बन गया है.

500 से ज्यादा प्रदर्शक होंगे शामिल

मंत्रालय के अनुसार, सेमीकॉन इंडिया 2026 की प्रदर्शनी में 500 से ज्यादा प्रदर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है. इनमें 240 से ज्यादा इंटरनेशनल कंपनियां और 40 से ज्यादा देशों के डेलिगेशन शामिल होंगे. कार्यक्रम में छह देशों के पवेलियन, 10 राज्य सरकारों के पवेलियन, एक स्टार्ट-अप पवेलियन, इनोवेशन शोकेस, स्टार्ट-अप पिच कॉम्पिटिशन, स्टूडेंट हैकाथॉन और वर्कफोर्स डेवलपमेंट पवेलियन भी शामिल होंगे.

यह भी पढ़े: China Earthquake: भूकंप के झटकों से कांपी चीन की धरती, जाने कितनी रही तीव्रता

Latest News

14 October 2026 Ka Panchang: बुधवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

14 October 2026 Ka Panchang: 14 अक्टूबर 2026, बुधवार को आश्विन शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि है. आज शारदीय...

More Articles Like This

Exit mobile version