Ramachandra Gowda: आज मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व मंत्री एस.वी. रामचंद्र गौड़ा निधन हो गया. उन्होंने बेंगलुरु के एक प्राइवेट अस्पताल में सुबह 6.20 बजे आखिरी सांस ली. उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है. कई राजनीतिक नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है.
बीएस येदियुरप्पा ने जताया शोक
बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा ने एस.वी. रामचंद्र गौड़ा के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मैंने एक और भाई को खो दिया है. दशकों तक मेरे साथी रहे, वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रामचंद्र गौड़ा के निधन की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है. संघर्ष के वे दिन-जनसंघ के दौर से कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहना, दिन-रात मेहनत करना और राज्य में जमीनी स्तर से पार्टी को खड़ा करना, मेरी आंखों के सामने घूम रहे हैं. मेरी कैबिनेट में एक सहयोगी के तौर पर, मैंने उनकी प्रशासनिक समझ और समर्पण को बहुत करीब से देखा है.”
उन्होंने आगे लिखा, “उनके (एस.वी. रामचंद्र गौड़ा) जाने से न केवल पार्टी और सार्वजनिक जीवन में, बल्कि व्यक्तिगत रूप से मेरे भीतर भी एक गहरा शून्य पैदा हो गया है. मैं प्रार्थना करता हूं कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार के सदस्यों व प्रशंसकों को इस दुख को सहने की शक्ति दें। ॐ शांति.”
एचडी कुमारस्वामी ने जताया शोक Ramachandra Gowda
केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने लिखा, “मुझे रामचंद्र गौड़ा के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. वे पूर्व मंत्री और कर्नाटक भाजपा के वरिष्ठ नेता थे. रामचंद्र गौड़ा मेरे करीबी दोस्त थे और जब मैं पहली बार मुख्यमंत्री बना था, तब वे मेरी कैबिनेट के सदस्य थे. वे मिलनसार थे और सादगी व सज्जनता की मिसाल थे. मैं प्रार्थना करता हूं कि रामचंद्र गौड़ा की आत्मा को शांति मिले और ईश्वर उनके परिवार, चाहने वालों और शुभचिंतकों को इस दुख को सहने की शक्ति दें.”
डीके शिवकुमार ने जताया दुख
कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार ने लिखा, “वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रामचंद्र गौड़ा के निधन की खबर से गहरा दुख हुआ है. राज्य के विकास और जन-कल्याण में उनका योगदान अतुलनीय है. राजनीति और समाज के क्षेत्र में रामचंद्र गौड़ा द्वारा की गई सेवा हमेशा याद रखी जाएगी. एक सरल और नेक राजनेता, श्री रामचंद्र गौड़ा का जाना एक अपूरणीय क्षति है. मैं प्रार्थना करता हूँ कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार, रिश्तेदारों और प्रशंसकों को इस दुख को सहने की शक्ति दें.”

