SOLDIERATHON 2026: देशभक्ति के रंग में रंगी दिल्ली, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिखाई हरी झंडी, CMD उपेन्द्र राय ने जताया आभार

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

SOLDIERATHON 2026: दिल्ली के करियप्पा परेड ग्राउंड में रविवार (2 अगस्त) को SOLDIERATHON 2026 का आगाज देशभक्ति के जोश और वीर जवानों के सम्मान के साथ हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया. इसके साथ ही हजारों धावकों ने शहीदों, घायल पूर्व सैनिकों और भारतीय सेना के जांबाज जवानों के सम्मान में कदम बढ़ाए. भारत एक्सप्रेस के CMD उपेन्द्र राय ने राष्ट्रपति मुर्मू को विशेष धन्यवाद दिया.

यह आयोजन केवल एक मैराथन नहीं, बल्कि देश के वीरों के प्रति कृतज्ञता, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का जीवंत उत्सव बन गया, जिसमें हर कदम भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को समर्पित दिखाई दिया.

सोल्जरथॉन एक अनूठा मंच- राष्ट्रपति

राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर लिखा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में आयोजित एक समारोह में पीबीजी सोल्जरथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर मिजोरम के राज्यपाल जनरल (डॉ.) वी.के. सिंह भी उपस्थित थे, जो इस पहल के संरक्षक हैं. सोल्जरथॉन नागरिकों और सशस्त्र बलों के बीच संबंधों को मजबूत करने का एक अनूठा मंच है, जो ‘सैनिकों के लिए दौड़ो, सैनिकों के साथ दौड़ो’ की अवधारणा प्रेरित है. सच्चे नायकों का समर्थन – भारत के सशस्त्र बल’ विषय पर केंद्रित यह आयोजन हमारे सैनिकों के समर्पण, साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करता है और नागरिकों को सक्रिय भागीदारी के माध्यम से उनके प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित करता है.”

ढोल-नगाड़ों की गूंज और देशभक्ति के नारे

कार्यक्रम के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और देशभक्ति के नारों ने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया. जैसे ही मैराथन को हरी झंडी दिखाई गई, प्रतिभागियों का जोश देखते ही बनता था. तिरंगा हाथों में लिए धावक पूरे जोश के साथ दौड़ पड़े, जबकि ढोल-नगाड़ों की थाप पर मौजूद लोग भी वीर जवानों के सम्मान में उनका उत्साह बढ़ाते नजर आए. पूरे आयोजन में देशभक्ति का ऐसा माहौल देखने को मिला, जिसने इसे एक यादगार उत्सव का रूप दे दिया.

भारत एक्सप्रेस बना मीडिया स्पॉन्सर

‘रन फॉर सोल्जर्स’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और सेना के साहस, समर्पण व बलिदान को नमन करना है. इस राष्ट्रीय आयोजन में प्रतिष्ठित न्यूज नेटवर्क भारत एक्सप्रेस आधिकारिक मीडिया स्पॉन्सर के रूप में जुड़ा है. मैराथन को लेकर प्रतिभागियों और नागरिकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.

सोल्जरथॉन से लगातार जुड़े रहे CMD उपेन्द्र राय

भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के चेयरमैन, प्रबंध निदेशक (CMD) और एडिटर-इन-चीफ उपेन्द्र राय शुरुआत से ही सोल्जरथॉन अभियान का हिस्सा रहे हैं. दिल्ली, मुंबई-कारगिल और छत्तीसगढ़ (नया रायपुर) समेत कई शहरों में आयोजित इस मैराथन में उन्होंने सक्रिय भागीदारी निभाई है.

पिछले आयोजनों के दौरान युवाओं को संबोधित करते हुए उपेन्द्र राय ने कहा था कि भारतीय सैनिक कठिन से कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं. उनके सम्मान में आयोजित सोल्जरथॉन केवल एक मैराथन नहीं, बल्कि वीर जवानों के प्रति आभार व्यक्त करने का माध्यम है. उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान से जुड़ना हर भारतीय के लिए गर्व की बात है.

फिटनेस के साथ देशभक्ति का संदेश

‘फिटिस्तान- एक फिट भारत’ की पहल पर आयोजित होने वाला सोल्जरथॉन हर साल युवाओं, सेना के अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, खिलाड़ियों और समाज के कई प्रतिष्ठित लोगों को एक साथ लाता है. इस आयोजन में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख जनरल वी.के. सिंह सहित कई प्रमुख हस्तियां भी समय-समय पर शामिल होकर युवाओं का उत्साह बढ़ाती रही हैं.

इस बार आयोजित मैराथन में 21 किलोमीटर (हाफ मैराथन), 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर (फन रन) की दौड़ रखी गई है, जिसमें हजारों धावक ने हिस्सा लिया. आयोजन से मिलने वाली सहायता राशि का बड़ा हिस्सा भारतीय सेना के घायल जवानों के इलाज, पुनर्वास और कल्याण कार्यों पर खर्च किया जाएगा. इस अवसर पर राजधानी दिल्ली एक बार फिर देशभक्ति के जोश और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठी.

Latest News

‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन को लेकर सनी देओल काफी उत्सुक, देश के बहादुर लोगों को करेंगे सम्मानित

Mumbai: अभिनेता सनी देओल अपनी आने वाली फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर इन दिनों सुर्खियों में हैं. फिल्म की...

More Articles Like This

Exit mobile version