‘मोस्ट इंपैक्टफुल जर्नलिस्ट इन इलेक्ट्रॉनिक एंड सोशल मीडिया’ अवॉर्ड मिलने के बाद बोले भारत एक्सप्रेस के चेयरमैन उपेंद्र राय- जिन लोगों को अवार्ड नहीं मिलता…

भारत एक्सप्रेस के चेयरमैन, एमडी व एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय को दिल्ली के ली मेरिडियन होटल में आयोजित टाइकून ग्लोबल गवर्नेंस एंड बिजनेस अवॉर्ड सेरेमनी में बुधवार को ‘मोस्ट इंपैक्टफुल जर्नलिस्ट इन इलेक्ट्रॉनिक एंड सोशल मीडिया’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. इस अवॉर्ड सेरेमनी में भारत एक्सप्रेस के चेयरमैन बतौर स्पेशल गेस्ट शामिल हुए. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले व केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल समेत कई अन्य हस्तियां मौजूद रहीं.

अवॉर्ड प्राप्त करने के बाद भारत एक्सप्रेस के चेयरमैन उपेंद्र राय ने अपने संबोधन में कहा, “जब हम पुरस्कार पाते हैं, प्रसिद्धि पाते हैं तो ऐसे वक्त में आम इंसान का खुश होना लाजिमी है. उसके चाहने वालों का भी खुश होना लाजिमी है. लेकिन आज मैं उनके बारे में बात करूंगा जो लोग जीवन में कभी पुरस्कार नहीं पाते और वो अपने आप को कभी जीता हुआ महसूस नहीं करते हैं या उनके जीवन में कभी उनकी झोली में जीत नहीं गिरती है. आज का मेरा संबोधन उनको ही समर्पित है.”

वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र राय ने कहा, “दुनिया में एक बड़ी अनूठी घटना है कि जीतना हर कोई चाहता है और ये मनोविज्ञान है कि जो शक्तिशाली है वही जीतता है, जो सक्षम है, वही पाता है. लेकिन बहुत गहरे में जाएं तो बहुत अनोखी घटना घटती है कि जो जीता हुआ होता है, शक्तिशाली होता है वह भी एक दिन हार जाता है. जो हारा हुआ रहता है वो तो हारता ही है. आखिर में इस हार के पीछे, इस जीत के पीछे, इन उपलब्धियों के पीछे जो मैं बात कहने जा रहा हूं, अपनी बात उनको समर्पित करने जा रहा हूं जिनके हिस्से कभी जीत नहीं आई.”

भारत एक्सप्रेस के चेयरमैन ने अपने संबोधन में आगे कहा, “ऐसा भी कोई नहीं है जो जीतना न चाहता हो. लेकिन जीतना चाहते हुए भी वह हार जाता है और हार क्यों जाता है- उसके पीछे भी एक छोटा सा कारण है. जिस वक्त हम जीतना चाहते हैं, कहीं न कहीं हार के डर से डरे हुए हैं. कहीं न कहीं हार की संभावना हमारे साथ जुड़ी हुई है, तभी हम जीतना चाहते हैं.” उन्होंने कहा, “पुरस्कार पाना तो जरूर एक उपलब्धि होती है लेकिन वो जिम्मेदारी बढ़ा देती है, आपको इतना ज्यादा जिम्मेदार बना देती है कि आप हजारों- लाखों आंखों के सामने होते हैं. इस मंच से बहुत गंभीरता से कह रहा हूं कि इस दुनिया में कोई भी चीज स्थायी नहीं है. यहां से हम भी खाली हाथ जाएंगे, सिकंदर भी खाली हाथ गए हैं, जिन्होंने पूरी पृथ्वी जीती है वह भी खाली हाथ गए हैं. तो निश्चित रूप से अगर आपकी जीत सुनिश्चित हुई है तो हारने वालों के कारण हुई है. आपकी जीत आपके हाथ में है तो इसके मालिक वे हारने वाले लोग हैं जिनके कारण आपकी जीत सुनिश्चित हुई है.”

इसके पहले वरिष्ठ पत्रकार उपेन्द्र राय ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इस दौरान केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और एसपी सिंह बघेल समेत कई दिग्गज हस्तियां मौजूद रहीं. यह कार्यक्रम फिल्मजायंट्स प्राइवेट लिमिटेड और राजवीर शर्मा द्वारा निर्मित म्यूजिक एल्बम ‘अपनी मोहब्बत’ के लॉन्च के साथ शुरू हुआ.

भारत एक्सप्रेस के चेयरमैन उपेंद्र राय पत्रकारिता की दुनिया में जाना-पहचाना नाम हैं. पत्रकारिता में उनके योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र राय को कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है.

Latest News

India Renewable Energy: स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धि, क्षमता 300 GW के पार; 2030 तक 530 GW का अनुमान

India Renewable Energy: भारत वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा बाजार में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है. देश में...

More Articles Like This

Exit mobile version