PM मोदी ने दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का किया उद्घाटन, बोले- BJP सरकार बनने के बाद दिल्ली में चौतरफा विकास

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

नई दिल्ली: रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग ₹18,300 करोड़ की दिल्ली मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर पिंक लाइन: मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर (लगभग 12.3 किमी) और मैजेंटा लाइन: दीपाली चौक से मजलिस पार्क कॉरिडोर (लगभग 9.9 किमी) का उद्घाटन किया. इस अवसर पर लोगो को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एक वर्ष पहले दिल्ली ने जिस आपदा से मुक्ति पाई, वो कितनी जरूरी थी. यहां आपदा सरकार ना होती तो ये मेट्रो फेज- 4 बहुत पहले पूरा हो गया होता.

आज दिल्ली की सेवा कर रही हैं 4000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें

पीएम मोदी ने कहा कि अब यहां बीजेपी सरकार बनने के बाद दिल्ली के चौतरफा विकास में बहुत तेजी आई है. डबल इंजन की सरकार में दिल्ली की हर ट्रांसपोर्ट फैसिलिटी में अपग्रेडेशन हो रहा है. दिल्ली में हर दिन लाखों लोग बसों से सफर करते हैं, इसलिए हमारी कोशिश है कि दिल्ली के लोगों को साफ, आरामदायक और आधुनिक बस सेवा मिले. केंद्र सरकार द्वारा दी गई 4000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें आज दिल्ली की सेवा कर रही हैं. बीते एक साल में ही लगभग 1800 नई बसों को दिल्ली की सड़कों पर उतारा गया है. इनमें सैंकड़ों बेबी बसें भी शामिल हैं, जो दिल्ली के मोहल्लो और कॉलोनियों को आपस से जोड़ रही हैं.

पीएम मोदी ने कहा, “आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सफल नेतृत्व में राजधानी विकास की साक्षी बन रही है. राजनीति, प्रशासन, विज्ञान, खेल या समाज सेवा का क्षेत्र हो, भारत की नारी शक्ति हर क्षेत्र में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रही है. मैं आज महिला दिवस पर देश की महिलाओं को हार्दिक बधाई देता हूं और राष्ट्र के विकास में उनके असीम योगदान को कृतज्ञता के साथ स्वीकार करता हूं.”

“अब लखपति दीदी बन चुकी हैं तीन करोड़ से अधिक बहनें”

प्रधानमंत्री ने कहा, “आज मैं अत्यंत प्रसन्नता से कह सकता हूं कि देश द्वारा तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का जो संकल्प लिया गया था, वह पूरा हो गया है. तीन करोड़ से अधिक बहनें अब लखपति दीदी बन चुकी हैं. छ वर्ष पहले हमने यह संकल्प लिया था कि हम देश की तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाएंगे. कई लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया. बहुत सी बुरी बातें कही गईं. सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें चल रही थीं, लेकिन आज, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर, मैं अत्यंत गर्व से कह सकता हूं कि मेरी माताओं और बहनों में अपार क्षमता है, यदि उन्हें अवसर दिया जाए, तो वे कई नई उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं. आज मैं अत्यंत प्रसन्नता से कह सकता हूं कि देश द्वारा तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का जो संकल्प लिया गया था, वह पूरा हो गया है. तीन करोड़ से अधिक बहनें अब लखपति दीदी बन चुकी हैं.”

More Articles Like This

Exit mobile version