जीबीयू में CM योगी: ‘बहुत दुर्भाग्यपूर्ण था हामिद अंसारी का बयान’, कहा- नारी गरिमा का प्रतीक है

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

CM Yogi In Greater Noida: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा के गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए सनातन परंपरा, भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति का उल्लेख किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की आत्मा सनातन धर्म में बसती है और देश की जनता अपनी ऋषि परंपरा, देवी-देवताओं, तीर्थों और विरासत पर गर्व करती है.

सनातन परंपरा में विचारों की स्वीकार्यता रही है

सीएम योगी ने कहा कि सनातन परंपरा में विचारों की स्वीकार्यता रही है. कहीं से भी अच्छे विचार आएं तो उनका स्वागत किया जाता है. उन्होंने कहा कि ‘तेरा-मेरा’ वाली संकुचित सोच रखने वाले लोग इसे नहीं समझ सकते. सनातन सबका है और इसकी परंपरा ने दुनिया के अलग-अलग समुदायों और संप्रदायों को संकट के समय शरण दी है.

हामिद अंसारी के बयान पर CM योगी का पलटवार

सीएम योगी ने पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के एक पुराने वक्तव्य का जिक्र करते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर रहते हुए इस तरह की बात नहीं कही जानी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयानों से भारत के बारे में गलत छवि बनाने और ‘एंटी इंडिया’ सोच को बढ़ावा देने का काम होता है. उन्होंने कहा कि अर्धसत्य के जरिए भारत को अपमानित करने का प्रयास किया जा रहा है. पूर्व उपराष्ट्रपित का बयान दुर्भाग्यपूर्ण था.

सीएम योगी ने राहुल गांधी पर बोला हमला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए नारी शक्ति और मातृशक्ति के सम्मान का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में ‘पहले आप’ का संस्कार रहा है. जिन लोगों को ये मर्यादाएं नहीं सिखाई गईं, उनके लिए ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को समझना संभव नहीं है.

उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से लेकर वर्तमान समय तक भारत में नारी शक्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. भारत की संस्कृति और परंपरा में मातृशक्ति के सम्मान की विशेष जगह रही है.

सीएम योगी ने कहा कि नारी गरिमा का प्रतीक है. उत्तर प्रदेश में तीन नई पीएसी महिला बटालियन का गठन किया जा रहा है. शिक्षा, अंतरिक्ष, चिकित्सा और पुलिस सहित हर क्षेत्र में बेटियों ने देश का गौरव बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि हमें अपने पूर्वजों को नहीं भूलना चाहिए. इतिहास को भले ही भूल जाएं, लेकिन अपनी विरासत और योगदान को नहीं भुलाया जा सकता.

सभी के लिए काम कर रही है डबल इंजन की सरकार 

सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार सभी के लिए काम कर रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब, किसान, युवा और नारी को देश की चार जातियां बताया है और सरकार इन्हीं के लिए काम कर रही है. उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसान किसी भी जाति का हो सकता है. उसे सम्मान, बाजार और शासन की योजनाओं से जुड़ने का अवसर मिलना चाहिए.

युवाओं को मंच और अवसर देने की जरूरत 

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को मंच और अवसर देने की जरूरत है. युवा दुनिया के हर कार्य को संभव करके दिखा सकता है. उन्होंने कहा कि तीन तलाक जैसी प्रथा को समाप्त करने के साथ महिलाओं पर होने वाले अत्याचार को भी रोकना जरूरी है. इसके लिए बेहतर संवाद के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक 65 लाख लोगों को आवास मिल चुका है. सरकार 12 लाख और लोगों को आवास देने जा रही है.

कांग्रेस कभी देश को स्वस्थ ईंधन नहीं दे पाई

सीएम योगी ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र किया. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कभी देश को स्वस्थ ईंधन नहीं दे पाई. उन्होंने दावा किया कि 12 करोड़ लोगों को एलपीजी कनेक्शन दिए गए और 12 करोड़ घरों में शौचालय बनाए गए. उन्होंने कहा कि ये काम 2014 से पहले भी हो सकते थे, लेकिन तब इन्हें करने की इच्छा नहीं थी.

महिला सशक्तीकरण पर क्या बोले CM योगी?

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 में उत्तर प्रदेश में महिला पुलिस बल की संख्या करीब 10 हजार थी, जो अब 44 हजार हो गई है. उन्होंने कहा कि अगले तीन-चार महीने में यह संख्या 50 हजार से अधिक हो जाएगी. दावा किया कि महिलाओं की कार्यबल में भागीदारी पहले 12 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 30 प्रतिशत से अधिक हो गई है.

सीएम योगी ने कहा कि भारत के पास दुनिया की युवा कार्यशक्ति है और उत्तर प्रदेश में 56 प्रतिशत आबादी युवा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को साढ़े नौ लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं. इसके अलावा 96 लाख एमएसएमई में करीब साढ़े तीन करोड़ युवा काम कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार और ‘क्रीम’ को खत्म करना है. राम और कृष्ण हमारे आदर्श हैं. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं है, बल्कि सरप्लस राज्य बन चुका है. कहा कि 2017 से पहले जो स्थिति थी, उसे दोबारा नहीं आने दिया जाएगा.

Latest News

बच्चों में दिखें ये लक्षण तो हो जाएं सावधान, हो सकता है कैंसर का शुरुआती संकेत 

Cancer ke lakshan: बच्चों का स्वास्थ्य यदि ठीक रहता हैं तो माता पिता की भी टेंशन दूर रहती...

More Articles Like This

Exit mobile version