CM Yogi: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में गुरुवार को आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की. गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा जुबानी हमला बोला. इस बीच सीएम योगी ने अयोध्या राम मंदिर निर्माण के लिए किए गए संघर्ष को याद करते हुए समाजवादी पार्टी को भी आड़े हाथों लिया.
राहुल गांधी की स्थिति गांव के उस लड़के जैसी हो गई है, जो…
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी की स्थिति गांव के उस लड़के जैसी हो गई है, जो बार-बार परीक्षा में फेल होता है और हर बार अपनी नाकामी के लिए नया बहाना तलाश लेता है.
सीएम ने एक किस्सा सुनाते हुए कहा कि पहली बार फेल होने पर लड़का कहता है कि मास्टर साहब ने उसकी कॉपी बदल दी, दूसरी बार कहता है कि पेपर में सिलेबस से बाहर के सवाल आ गए. तीसरी बार वह पेन की स्याही खत्म होने को अपनी नाकामी की वजह बताता है और चौथी बार कहता है कि सामने बैठा लड़का तेजी से लिख रहा था, जिससे उसका ध्यान भटक गया.
देश का हर नागरिक लोकतंत्र के प्रति जागरूक है
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक अराजकता से देश के लोकतंत्र को कमजोर कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रही है. उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक लोकतंत्र के प्रति जागरूक है, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अपनी हार स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं.
सीएम योगी ने उत्तराखण्ड भवन के निर्माण की घोषणा की
इस दौरान क्षेत्रीय विकास पर बात करते हुए सीएम योगी ने गाजियाबाद में उत्तराखण्ड भवन के निर्माण की घोषणा की और क्षेत्र के चौमुखी विकास का संकल्प दोहराया.
सपा ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सपा ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं. कांग्रेस ने मंदिर निर्माण की राह में रोड़े अटकाये थे. फिर भी आज अयोध्या में त्रेतायुग का रामयुग आ गया है. उन्होंने दावा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने उनके कार्यकाल में 4 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आवास मुहैया कराए गए हैं.