ओपी राजभर ने अखिलेश-राहुल पर साधा निशाना, कहा- दोनों गलतफहमी में हैं, 2027 में…

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Omprakash Rajbhar: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने तीखा हमला बोला है. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी लगातार 30 साल तक सत्ता में रहेगी. राजभर ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी 312 से ज्यादा सीटें जीतेगी. उन्होंने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों गलतफहमी में हैं और चुनाव नतीजे आने पर उनका सपना टूट जाएगा. मालूम हो कि ओपी राजभर ने कुछ दिन पहले अखिलेश को जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी.

2027 में भाजपा को मिलेंगी 312 से ज्यादा सीटें

ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि तीसरी बार ही नहीं, बल्कि 30 वर्ष तक लगातार भाजपा शासन रहेगा. उन्होंने कहा कि 2027 में 312 से ज्यादा सीटें आएंगी. राजभर ने कहा,’अखिलेश यादव और राहुल गांधी गलतफहमी में हैं. जिस दिन काउंटिंग होगी, उनका सपना टूट जाएगा.’ समान नागरिक संहिता यानी कि UCC को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने इस मुद्दे पर सही बात कही है.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर अखिलेश यादव की टिप्पणी पर भी राजभर ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव की ओर से उठाए गए सवालों पर ओपी राजभर ने सपा सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधा. उन्होंने सवाल किया कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे और बीमार पड़े थे, तब उन्होंने कहां इलाज कराया था? क्या वे सरकारी अस्पताल गए थे?

‘मौजूदा समय में बेहतर है अस्पतालों की स्थिति‘

ओपी राजभर ने दावा किया कि मौजूदा समय में प्रदेश के अस्पतालों की स्थिति सपा सरकार के समय से 100 गुना बेहतर है. उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव को प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में हुआ सुधार दिखाई नहीं देता है तो वे उन्हें अंबेडकरनगर में इसकी स्थिति दिखा सकते हैं. राजभर ने प्रदेश के अस्पतालों में मरीजों की संख्या का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘लखनऊ मेडिकल कॉलेज में 10 से 12 हजार प्रतिदिन ओपीडी हो रही है. छोटे अस्पतालों में 3-4 हजार लोगों की ओपीडी प्रतिदिन की जा रही है. इस पर अखिलेश यादव क्या बात करेंगे?’

स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर अखिलेश पर साधा निशाना

स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव के इनकार पर भी राजभर ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की बातों का कोई महत्व नहीं है. राजभर के अनुसार, करीब 10 दिन पहले अखिलेश यादव ने कहा था कि उनके सभी पुराने साथी वापस आ सकते हैं और उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है. राजभर ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य भी सपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव आज गठबंधन से इनकार कर रहे हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर कल उन्हें फिर से साथ आने के लिए कह सकते हैं.

Latest News

पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया, ब्रैंडन किंग ने लगाया अर्धशतक

Dhaka: वेस्टइंडीज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को पहले टेस्ट मैच में 8 विकेट से हराया. शेर-ए-बांग्ला नेशनल...

More Articles Like This

Exit mobile version