Janata Darshan: रविवार को गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन के दौरान करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं. लोगों को आश्वस्त किया कि घबराएं नहीं, हर हाल में समस्या का समाधान होगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए.
पति के इलाज में नहीं आने दी जाएगी कोई दिक्कत
इस दौरान CM ने मस्तिष्क आघात से पीड़ित पति के ऑपरेशन के लिए मदद मांगने पहुंची महिला को उपचार में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है. पति के इलाज में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी और विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
सीएम ने अधिकारियों को समाधान के दिए निर्देश
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठे लोगों के पास खुद पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं. प्रार्थना पत्र लेकर अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए. उन्होंने एक बीमार महिला को समुचित उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के निर्देश भी दिए.
सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए. शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाएगी.
अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ करें सख्त कार्रवाईः सीएम योगी
अपराध और जमीन पर कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर सीएम योगी ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के साथ सख्ती से पेश आए.