शामली: CM योगी ने कहा- कांवड़ यात्रा में हुड़दंग से बचें, अनुशासन बनाए रखें, कांवड़ियों से की ये अपील

Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

शामली: शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शामली में एक जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की अपील की. मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी बातों को लेकर किसी भी तरह का हुड़दंग नहीं होना चाहिए, क्योंकि ऐसी घटनाओं का विरोधी फायदा उठाने की कोशिश करेंगे. सीएम योगी ने कहा, ‘मैं सभी कांवड़ संघों से विनम्र अपील करूंगा कि याद रखना, हम सब श्रीराम के वंशज हैं, श्रीकृष्ण के अनुयायी हैं और भोले शंकर के भक्त हैं. हम सब इस बात का ध्यान रखेंगे. राम की मर्यादा, कृष्ण की लीला और शंकर की समरसता व जीवंतता हमेशा हमें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है.’

‘छोटी-छोटी बातों पर हुड़दंग नहीं होना चाहिए‘

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जीवन में धैर्य और अनुशासन हमारी सबसे बड़ी पूंजी होनी चाहिए. उन्होंने कहा, ‘छोटी-छोटी बातों को लेकर कहीं भी हुड़दंग नहीं होना चाहिए. अगर कहीं कोई हुड़दंग या अनुशासनहीनता होगी, तो इस प्रकार के दृश्यों को हमारे विरोधी नोट करके रखेंगे और फिर कांवड़ यात्रा को पहले की तरह किसी न किसी तरीके से दबाव बनाकर प्रभावित करने का प्रयास करेंगे. याद रखना, कांवड़ यात्रा के लिए सरकार उनकी सुरक्षा, सुविधा और उनकी भक्ति को साकार करने के लिए हर प्रकार का सहयोग कर रही है. यही डबल इंजन की सरकार है, जो आस्था का सम्मान करती है, पुष्पवर्षा करती है, लेकिन हम लोगों को भी मर्यादा को समझना होगा.’

सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना

सीएम योगी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. सभा में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘जो लोग आज आस्था की वकालत करते दिख रहे हैं, ये लोग 2017 के पहले ‘जय श्रीराम’ बोलने पर लाठी मारते थे, गोली चलाते थे. कांवड़ यात्रा को प्रतिबंधित करते थे, कृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन को रोकते थे, रामनवमी की शोभायात्रा नहीं निकलने देते थे और धार्मिक स्थलों की संपत्ति पर कब्जा करते थे. आज मैं कह सकता हूं कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों और युवाओं के लिए चौधरी चरण सिंह जी ने जो सपना देखा था, उसे आज डबल इंजन की सरकार साकार कर रही है.’

पश्चिमी यूपी को सौगात देने शामली पहुंचे हैं CM योगी

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शामली में 581 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री पश्चिमी उत्तर प्रदेश को कुल 2,452 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे हैं. इस दौरान वह 255 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर रहे हैं. इन परियोजनाओं का लाभ शामली, बिजनौर और गाजियाबाद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगा. सीएम योगी ने कहा कि विकास और लोककल्याण की ये परियोजनाएं पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रगति को नई गति देंगी और ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को और अधिक मजबूत करेगी.

Latest News

Aaj Ka Rashifal: आज मंगलवार को इन 4 राशियों पर बरसेगी बजरंगबली की कृपा, पढ़ें अपना राशिफल

Aaj Ka Rashifal, 27 October 2026: वैदिक ज्योतिष शास्त्र में कुल 12 राशियों का वर्णन हैं. हर राशि का अपना...

More Articles Like This