UP: सीएम योगी ने दी 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं की सौगात, कहा- अत्यंत ऊर्जावान जनपद है गोंडा

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

UP: शनिवार को करनैलगंज के चकरौत में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया.  इस दौरान सीएम योगी ने गोंडा के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अत्यंत ऊर्जावान जनपद है, लेकिन आजादी के बाद जिस विकास का अधिकारी था, वह उसे नहीं मिला. तुष्टिकरण, जातिवाद, भाई-भतीजावाद और अराजकता के कारण जनपद पिछड़ता चला गया.

सीएम योगी ने कहा कि एक समय ऐसा था जब प्रदेश और जिले के युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था. दूसरे प्रदेशों में लोग दूरी बनाकर चलते थे, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है. अब उत्तर प्रदेश और गोंडा का नाम सुनते ही लोग सम्मान के साथ गले लगाते हैं. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र और 9 वर्षों में प्रदेश की डबल इंजन सरकार की नीतियों ने यह बदलाव संभव किया है.

अब पात्रता के आधार पर मिल रहा योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरकारी योजनाओं का लाभ जाति और चेहरे के आधार पर नहीं, बल्कि पात्रता के आधार पर मिल रहा है. उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, वृद्धावस्था, दिव्यांग और निराश्रित महिला पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के लोगों तक पहुंच रहा है.

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, उपद्रव और असुरक्षा का माहौल था. त्योहारों में व्यवधान डाले जाते थे, व्यापारी और बेटियां सुरक्षित नहीं थीं तथा सत्ता में बैठे लोग दंगाइयों को संरक्षण देते थे. अब स्थिति बदल चुकी है. जो भी त्योहारों में खलल डालने की कोशिश करेगा, उसका वर्तमान और भविष्य दोनों समाप्त हो जाएंगे.

राम मंदिर निर्माण डबल इंजन सरकार की बड़ी उपलब्धि

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में 500 वर्षों के इंतजार के बाद राम मंदिर निर्माण डबल इंजन सरकार की बड़ी उपलब्धि है. पहले रामभक्तों पर लाठियां और गोलियां चलती थीं, अब अयोध्या विश्वस्तरीय धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी के रूप में विकसित हो रही है.

हर जिले तक पहुंचा विकासः सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा कि पहले विकास कुछ क्षेत्रों तक सीमित था, जबकि उनकी सरकार ने हर जिले तक सुविधाएं पहुंचाने का काम किया है. गोंडा में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि महाविद्यालय, अस्पताल और शिक्षा संस्थान स्थापित किए गए हैं. श्रावस्ती में एयरपोर्ट का निर्माण भी तेजी से चल रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सांसदों और विधायकों के प्रस्तावों पर सड़क, पुल, पुलिया और अन्य विकास कार्यों को मंजूरी दी है. करनैलगंज और कटरा विधानसभा क्षेत्रों में ही 516 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों को लाभ मिलेगा. उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनेगी.

 पुल और बाढ़ नियंत्रण को मिली मंजूरी

सीएम योगी ने कहा कि मटियारी घाट पर दीर्घ सेतु निर्माण के लिए घाघरा नदी तट पर स्पर निर्माण और बाढ़ नियंत्रण परियोजना को स्वीकृति दी गई है. इससे हजारों एकड़ कृषि भूमि को बाढ़ से बचाने में मदद मिलेगी. टेढ़ी नदी पर पुल निर्माण की वर्षों पुरानी मांग भी पूरी की जा रही है. सीएम ने कहा कि करनैलगंज आईटीआई में आधुनिक कार्यशाला, पशु चिकित्सालय सहित कई नई परियोजनाएं शुरू होंगी और गोंडा को आधुनिक जिले के रूप में नई पहचान दिलाई जाएगी.

सीएम ने इन परियोजनाओं दी सौगात

सीएम योगी ने कटरा बाजार विधानसभा में 19.23 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का लोकार्पण और 236.62 करोड़ रुपये की 84 परियोजनाओं का शिलान्यास किया. करनैलगंज विधानसभा में 64.92 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाओं का लोकार्पण और 194.86 करोड़ रुपये की 130 परियोजनाओं का शिलान्यास किया. इससे पहले सीएम योगी ने देवीपाटन मंदिर में दर्शन-पूजन किया.

Latest News

राष्ट्रपति ने मंजूर किया धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, प्रह्लाद जोशी को मिला शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार

Dharmendra Pradhan Resignation: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मंजूर कर लिया है. राष्ट्रपति...

More Articles Like This

Exit mobile version