UP: ओमप्रकाश राजभर का बड़ा बयान, कहा- अखिलेश यादव की वजह से बाधित हुई पंचायत चुनाव की प्रक्रिया

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

UP: प्रदेश के पंचायती राज और जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर तीखा जुबानी हमला बोला. उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाने साधते हुए कानून-व्यवस्था और पंचायत चुनाव के मुद्दे पर कई आरोप लगाए.

सरकार अदालत के फैसले का कर रही इंतजार

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को अकबरपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि पंचायत चुनाव कराने की तैयारी सरकार पूरी तरह कर चुकी थी. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने लीगल सहयोगियों की मदद से हाईकोर्ट में याचिका दायर करवा दी, जिसके कारण प्रक्रिया प्रभावित हुई. उन्होंने कहा कि सरकार केवल अदालत के फैसले का इंतजार कर रही है.

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सपा की पूर्व सरकार को घेरते हुए राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव के शासनकाल में प्रदेश में करीब एक हजार दंगे हुए थे, जिनमें टांडा भी शामिल रहा. उन्होंने आरोप लगाया कि मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान लोग मारे जा रहे थे और उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री व्यस्त थे. इसके विपरीत भाजपा सरकार में कहीं भी दंगा नहीं हुआ.

मंत्री अनिल राजभर की मोहम्मद सालार गाजी की दरगाह का सर्वे कराने बयान पर एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली की प्रतिक्रिया पर तीखा बयान दिया. ओम प्रकाश राजभर ने उन्हें अनपढ़ और जाहिल बताते हुए कहा कि बिना तथ्यों के बयानबाजी करना उचित नहीं है.

अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले पर मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि यह ट्रस्ट से जुड़ा विषय है. इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं है. ट्रस्ट की ओर से जांच की मांग की गई है, जिस पर एसआईटी का गठन हो गया है. जल्द ही जांच रिपोर्ट सबके समक्ष आ जाएगी.

बेटियों का सम्मान होना चाहिए

सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव की बेटी को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी पर राजभर ने कहा कि बहन-बेटियां किसी की भी हों, उनका सम्मान होना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिसने भी आपत्तिजनक टिप्पणी की है, उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी.

More Articles Like This

Exit mobile version