UP: आज अमित शाह की मौजूदगी में तय होगा 2027 चुनाव का एजेंडा, जानिए शाह का पूरा कार्यक्रम

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Amit Shah Lucknow visit: विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच भाजपा शुक्रवार को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन की ताकत, सरकार के कामकाज और आगामी चुनावी एजेंडे को धार देगी. बैठक में पेश किए जाने वाले राजनीतिक एजेंडे के जरिए पार्टी तीसरी बार जीत दर्ज करने की रणनीति का खाका प्रस्तुत करेगी. डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय के सभागार में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे.

तीन सत्रों में आयोजित बैठक के दूसरे सत्र में राजनीतिक एजेंडे, चुनावी तैयारियों और प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी. साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर उन क्षेत्रों और बूथों पर विशेष ध्यान देने की रणनीति बनाई जाएगी, जहां पार्टी को अपनी स्थिति मजबूत करनी है. राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और ऐतिहासिक निर्णयों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा. विधानसभा चुनाव से पहले यह बैठक संगठनात्मक तैयारियों का आकलन करने, कार्यकर्ताओं को संदेश देने और चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिहाज से अहम मानी जा रही है.

कार्यसमिति की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक हुई. इसमें प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और प्रदेश सह-प्रभारी मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा व प्रदीप वर्मा की मौजूदगी में एजेंडे और आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया.

पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी को जहां कमजोर, वहां ज्यादा जोर के मंत्र पर काम करते हुए बैठक को हर दृष्टि से सुव्यवस्थित बनाना है. पंजीकरण, भोजन, यातायात और सज्जा सहित सभी व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां तय की गई हैं. उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रस्ताव में संगठनात्मक कार्यों, सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी एजेंडे को प्रस्तुत किया जाएगा. धर्मपाल सिंह ने कहा कि आयोजन को ऐतिहासिक, संदेशपरक, अनुशासित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूर्व तैयारी, माइक्रो मैनेजमेंट और टीमवर्क के साथ काम करना होगा.

जिला स्तर तक के पदाधिकारी बैठक में होंगे शामिल

बैठक में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सह-प्रभारी जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा व प्रदीप वर्मा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा धर्मपाल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे. इसमें पार्टी के राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, 2024 के लोकसभा प्रत्याशी, विधायक, एमएलसी, 2022 के विधानसभा प्रत्याशी, क्षेत्रीय अध्यक्ष व महामंत्री, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री और सभी मोर्चों व प्रकोष्ठों के प्रदेश से जिला स्तर तक के पदाधिकारी शामिल होंगे.

चार घंटे राजधानी में रहेंगे शाह
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह राजधानी में करीब 4 घंटे तक रहेंगे. वह शुक्रवार सुबह 11 बजे चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट आएंगे, जहां उनका सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक स्वागत करेंगे. इसके बाद वह लोहिया विधि विवि जाकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे. बैठक के बाद करीब 3 बजे वह दिल्ली लौट जाएंगे.

More Articles Like This

Exit mobile version